CJP के 'संसद चलो' मार्च से पहले छावनी में बदली राजधानी दिल्ली, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
CJP Sansad March: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रोटेस्ट चरम पर पहुंच गया है। आज संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। सत्र 11 बजे से शुरू होने वाला है, उससे पहले 9 बजे से CJP ने 'संसद चलो' मार्च का आवाहन किया है।
दिल्ली में सोमवार को जंतर-मंतर से संसद की ओर प्रस्तावित मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। इसी बीच आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे CJP प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है।

नई दिल्ली में हजारों पुलिसकर्मी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, खुफिया एजेंसियां भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से कई संवेदनशील इलाकों को विशेष निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या हिंसा फैलाने की किसी भी कोशिश पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
5 हजार से ज्यादा जवान संभाल रहे हैं मोर्चा
मिली जानकारी के अनुसार जंतर-मंतर से संसद की ओर प्रस्तावित मार्च को देखते हुए करीब 5 हजार से अधिक दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। सोमवार, 20 जुलाई की सुबह से ही पूरी सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर है। 19 जुलाई की देर रात से ही जंतर-मंतर के प्रदर्शन स्थल कि धीरे-धीरे घेराबंदी की जाने लगी थी। सुबह होने तक पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो चुका है। प्रदर्शन स्थल से लेकर आस पास के सभी सड़कों पर आंदोलनकारी मौजूद हैं। पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियां और दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच लगातार भीड़ और गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
ये भी पढ़ें: Sonam Wangchuk Health Update: अनशन के 21वें दिन कैसी है सोनम वांगचुक की तबीयत? इलाज लेने से किया इनकार
नई दिल्ली को 15 जोन में बांटा गया
सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई दिल्ली जिले को 15 अलग-अलग जोन में बांटा गया है। सोमवार सुबह 4 बजे से ही पुलिस की विशेष तैनाती शुरू कर दी गई थी। इस बार सुरक्षा की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों के हाथ में है। स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभाल रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की ओर से ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि प्रदर्शन की आड़ में तोड़फोड़, आगजनी, लूटपाट या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए।
किन इलाकों में कड़ी निगरानी
दिल्ली पुलिस के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 25 से अधिक बटालियन भी सुरक्षा में लगाई गई हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिला सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। विजय चौक, संसद मार्ग, इंडिया गेट के आसपास का इलाका, प्रधानमंत्री आवास, गृह मंत्री आवास, राष्ट्रपति भवन, सेवा तीर्थ और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन इलाकों में भीड़ और अनावश्यक आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मेट्रो स्टेशन और अस्पताल भी अलर्ट पर
सुरक्षा के तहत नई दिल्ली जिले के सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जरूरत पड़ने पर कुछ मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद किए जा सकते हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने वज्र वाहन, वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण वाहनों को अलग-अलग अहम जगहों पर पहले से तैनात कर दिया है। नई दिल्ली की ओर आने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और हर गाड़ी और व्यक्ति की जांच की जा रही है।
बीजेपी मुख्यालय की सुरक्षा भी बढ़ाई गई
CJP प्रोटेस्ट को देखते हुए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी मुख्यालय की सुरक्षा भी पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भीड़ और हालात को देखते हुए जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान में मौके पर ही बदलाव किए जा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
