Jammu Kashmir में मौसम की तबाही! बादल फटे, 12 मौतें, स्कूल-कॉलेज-बैंक समेत क्या खुला-क्या बंद?
Jammu Kashmir Kya Khula-Kya Band: जम्मू-कश्मीर में मौसम कहर बरपा रहा है। पुंछ और किश्तवाड़ जिलों में बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) और भारी बारिश से लैंडस्लाइड व बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। कई इलाकों में घर-खेत तहस-नहस हो गए।
नाराज कुदरत के कहर से सड़कें ब्लॉक हैं और सैकड़ों गाड़ियां बहती साफ नजर आ रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में भारी बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं पूरी घटना, प्रभावित इलाके, मौतों का ब्योरा और क्या खुला-क्या बंद है...

एक परिवार के 8 सदस्यों की मौत
पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के निचले मुर्राह गांव में 19 जुलाई सुबह बादल फटने के बाद भूस्खलन हुआ। नाले के किनारे बना एक घर मलबे में दब गया। इस परिवार के 8 सदस्य इस हादसे में फंस गए। अब तक 3 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें 2 साल का बच्चा सोफियान यासर भी शामिल है। बाकी लोगों की तलाश जारी।
डिप्टी कमिश्नर अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 16 मौतों की आशंका है और 9 शव बरामद हो चुके हैं। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।
किस गांव में कितनी मौतें? कहां कितने लापता?
- सांगला गांव: अचानक बाढ़ में परिवार का घर बह गया। अब्दुल हमीद, शरीफा बेगम, बेटी अरीबा और बहन मनीरा बेगम लापता, जबकि दो शव बरामद।
- नूनाबंदी गांव: 28 वर्षीय नाजिया कौसर की मौत। पति मोहम्मद हाफिज और तीन बच्चे (2-6 वर्ष) घायल।
- सांगलाणी-सुरनकोट: 22 वर्षीय शाहजैब अहमद की मौत।
- मरहोट: नाबालिग लड़की इरम नाले में डूबकर मर गई।
- धुंडक लथूंग पुल: एक अज्ञात महिला का शव नाले से निकाला गया।
- हवेली तहसील: आधा दर्जन घर गिरने से एक मौत, एक गंभीर घायल।
- राजौरी: पिंकी नाम की महिला की मौत। नौशेरा में एक और शव नदी से मिला।
उमर अब्दुल्ला का दिल्ली प्लान रद्द, मौतों पर सियासी दुख
इस तबाही के कारण मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को सोमवार को दिल्ली में नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रस्तावित राज्य का दर्जा बहाल करने के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। वे हालात का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए तुरंत जम्मू पहुंचे। अब्दुल्ला शाम 6 बजे यहां सिविल सचिवालय पहुंचे और एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने बताया कि सबसे ज्यादा तबाही पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुई, जहां ज्यादातर मौतें हुईं, जबकि बचाव दल लापता लोगों का पता लगाने के लिए तेजी से काम कर रहे थे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने प्राकृतिक आपदा में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और प्रभावित लोगों के पुनर्वास का भरोसा दिलाया। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद और CPI(M) नेता एम वाई तारिगामी ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता दिखाई।
किश्तवाड़ और राजौरी में बाढ़ का कहर
किश्तवाड़ के सुर्नू इलाके में बादल फटने से कई घर और खेत पानी में बह गए। नदियां उफान पर हैं और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। राजौरी में भारी बारिश के बाद धारहाल नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ गया। नदी ने सैकड़ों वाहनों को बहा लिया। अनुमान है कि 200 से 250 गाड़ियां प्रभावित हुई हैं। कई सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात ठप पड़ा है।
स्कूल-कॉलेज: तीन दिन बंद
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। कश्मीर मंडल और जम्मू मंडल के शीतकालीन क्षेत्रों में सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को तीन दिन बढ़ा दिया गया है।
पहले 20 जुलाई को खुलने वाले स्कूल अब 22 जुलाई तक बंद रहेंगे। कक्षाएं 23 जुलाई से शुरू होने की संभावना (अगर मौसम सामान्य रहा)। शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने X (पूर्व ट्विटर) पर इसकी पुष्टि की।
बैंक, बाजार और सरकारी दफ्तर: क्या खुला, क्या बंद?
- बैंक: सामान्य रूप से खुले हैं, लेकिन कुछ प्रभावित इलाकों (पुंछ, किश्तवाड़, राजौरी) में कामकाज सीमित या प्रभावित हो सकता है।
- सरकारी दफ्तर: ज्यादातर खुले, लेकिन आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्टाफ राहत कार्य में लगा है।
- बाजार: सामान्य इलाकों में खुले, लेकिन पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण दुकानें बंद रह सकती हैं।
- सड़कें: कई रूट्स बंद। पुंछ-राजौरी-किश्तवाड़ हाईवे पर यातायात प्रभावित।
- केदारनाथ यात्रा (उत्तराखंड प्रभाव): लैंडस्लाइड के कारण घोड़े-खच्चर सेवाएं रोकी गईं। कैलाश-मानसरोवर यात्रियों का एक जत्था भी रुक गया।
(PTI इनपुट के साथ)


Click it and Unblock the Notifications
