रिलायंस जियो का बड़ा आरोप, झूठा प्रचार कर रही है एयरटेल और वोडा-आइडिया
नई दिल्ली। कृषि बिल को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन में अब टेलीकॉम सेक्टर की भी एंट्री हो गई है। रिलायंस जियो ने टेलीकॉम रेगुलेटरी अथोरिटी ऑफ इंडिया को खत लिख कर वोडा-आइडिया और एयरटेल की शिकायत की है। रिलायंस जियो ने आरोप लगाया है कि वोडा-आइडिया और एयरटेल, पंजाब के किसान आंदोलन का फायदा उठा रहे हैं। टेलीकॉम सेक्रेटरी एस के गुप्ता को लिखे खत में रिलायंस जियो ने वोडा-आइडिया और एयरटेल को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि दोनों कंपनियों ने ट्राई के नियमों का उल्लंघन किया है।

उन्होंने खत में लिखा है कि वोडा-आइडिया और एयरटेल उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में ग्राहकों को अपनी तरफ खींचने के लिए अनैतिक रास्ते अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन से उपजे आक्रोश का फायदा उठाने के लिए कंपनियां झूठे प्रचार का सहारा ले रही हैं। जियो ने कहा कि इससे पहले 28 सितंबर को उनकी तरफ से ट्राई को खत लिखा गया था लेकिन इस संबंध में करेर्अ कार्रवाई नहीं की गई और ये दोनों कंपनियां कानून को ठेंगा दिखाते हुए नकारात्मक प्रचार पहले की तरह ही कर रही हैं।
रिलायंस जियो का आरोप है कि यह दोनों प्रतिद्वंदी कंपनियां अपने कर्मचारियों, एजेंट्स और रिटेलर्स के जरिए रिलायंस के विरूद्ध नेगेटिव कैम्पेन चला रही हैं। ग्राहकों को गलत तरीके से ललचा कर रिलायंस जियो से पोर्ट कराने की कोशिशों का भी जियो ने विरोध किया है। एयरटेल और वोडा-आइडिया ग्राहकों को किस तरह गुमराह कर रहे हैं इसके फोटो और वीडियो सूबूत भी रिलांयस जियो ने ट्राई को सौंपे हैं। रिलायंस का यह भी आरोप है कि वोडा-आइडिया और एयरटेल अपने को किसानों का हितैषी और रिलायंस जियो को किसान विरोधी बता कर आंदोलन को हवा देने का काम कर रहीं है।












Click it and Unblock the Notifications