केरल के बाद तमिलनाडु में बाढ़ का खतरा, कर्नाटक में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी
चेन्नई। पूरा केरल इस वक्त प्रकृति की मार सह रहा है। भारी बारिश ने लोगों का जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त कर दिया है, बारिश के बाद हुए भूस्खलन और बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या अब 67 पहुंच गई है जबकि हजारों लोग बेघर हो गए हैं तो वहीं काफी संख्या में लोग लापता भी हैं। केरल के कहर के बाद अब कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।

तमिलनाडु के भी 12 जिलों में बाढ़ का अलर्ट
तमिलनाडु में सेंट्रल वॉटर कमिशन ने कावेरी नदी को लेकर चेतावनी जारी की है, यहां मेट्टूर बांध में पानी अधिकतम क्षमता से ऊपर पहुंच गया है, ऐसा कर्नाटक के कृष्णाराजसागर और काबिनी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद हो रहा है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान
और इस वजह से दोनों राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है, आपको बता दें कि मेट्टूर का स्टैनली जलाशय 120 फुट की अपनी पूरी क्षमता तक भर चुका है, जिसके बाद तमिलनाडु के 12 जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।

केरल के 9 जिले अभी भी रेड अलर्ट पर हैं
तो वहीं केरल के 9 जिले अभी भी रेड अलर्ट पर हैं, भारी बारिश के कारण कोच्चि एयरपोर्ट को 4 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। 85000 से ज्यादा लोगों को प्रदेश के अलग-अलग हिस्से में बनाए गए 718 राहत कैंपों में पहुंचाया गया है। केरल के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से बात की है और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications