अब गोवा कांग्रेस में बगावत: 6 विधायक बीजेपी में हो सकते हैं शामिल, विद्रोह का किया ऐलान
गोवा कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने रविवार को पार्टी के कुछ नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अफवाहों पर विराम लगाते हुए खंडन किया। उन्होंने कहा कि ये अफवाहें विधानसभा सत्र से पहले जानबूझकर फैलाई गई हैं।
पणजी, 10 जुलाई : महाराष्ट्र के बाद गोवा में दल बदल का खेल शुरू हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि कई कांग्रेस विधायक बीजेपी खेमे में शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कम से कम छह कांग्रेस विधायक बीजेपी में शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने कहा कि गोवा में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक दिगंबर कामत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक विद्रोह पर उतर आए हैं और भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

Recommended Video
कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने किया खंडन
वहीं, इससे पहले गोवा कांग्रेस नेता माइकल लोबो ने रविवार को पार्टी के कुछ नेताओं के भाजपा में शामिल होने की अफवाहों पर विराम लगाते हुए खंडन किया। उन्होंने कहा कि ये अफवाहें विधानसभा सत्र से पहले जानबूझकर फैलाई गई हैं। ऐसा कुछ भी नहीं है। ये सब अफवाहें हैं। गोवा कांग्रेस डेस्क के प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने भी शनिवार को एक बैठक की और इसे 'पूरी तरह से अफवाह' बताया। दिनेश गुंडू राव ने कल पणजी के एक होटल में पार्टी के 11 विधायकों के साथ बैठक की।
काफी दिनों से चल रहीं अटकलें
कांग्रेस के कुछ विधायकों के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तब से चल रही हैं जब से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के राज्य प्रभारी सी टी रवि ने मई में कहा था कि भाजपा के पास अभी 20 विधायक हैं, साल के अंत तक 30 विधायक होंगे। भाजपा ने 20 विधायकों के साथ पांच अन्य के समर्थन से राज्य में सरकार बनाई।
भाजपा केवल अफवाह फैलाती है
वहीं गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित पाटकर ने कहा कि बीजेपी शासित सरकार सिर्फ लोगों में अफवाह फैलाती है। 11 में से 8 विधायक हमारे नये हैं। सदन में आज बैठक हुई। हमारे वरिष्ठ विधायकों ने नए विधायकों के साथ चर्चा की थी, और मुझे उम्मीद है कि सोमवार से आप देखेंगे कि कांग्रेस इस सरकार के खिलाफ सदन में सार्वजनिक मुद्दे उठा रही होगी। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लोगों के बीच केवल अफवाह और भ्रम पैदा करती है।
होटल में हुई बैठक
वहीं गोवा कांग्रेस की बैठक होटल में चल रही है। वहां सात विधायक मौजूद हैं। कांग्रेस विधायक एलेक्सो सिक्वेरा ने कहा कि मुझे आलाकमान ने नहीं बुलाया था, सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात के लिए यहां बुलाया था। अफवाहों का दौर खत्म हो गया है, क्या किया जाए। मैं खुद की पुष्टि कर सकता हूं, किसी और के लिए नहीं कह सकता।












Click it and Unblock the Notifications