BJP बोली- कांग्रेस के डीएनए में गठबंधन नहीं सिर्फ परिवारवाद है
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) अध्यक्ष मायावती के कांग्रेस से गठबंधन की बात से इनकार के बाद लॉ मिनिस्टर रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि, कांग्रेस के डीएनए में गठबंधन नहीं है। वह केवल परिवारवाद है। बता दें कि, बुधवार को मायावती ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।

रविशंकर ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि, कांग्रेस का किसके साथ क्या रिश्ता है इस विषय से हमारा कोई लेना देने नहीं है। लेकिन हम मायावती के दुख में इतना ही कहना चाहूंगा कि, कांग्रेस के डीएनए में गठबंधन नहीं है, केवल परिवारवाद है। वहीं इस मामले पर कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, विपक्ष के किसी नेता की ओर से कांग्रेस के नेता के प्रति की गई प्रतिकूल टिप्पणी से वे असहमत हैं लेकिन अगर मायावती का विश्वास राहुल गांधी और सोनिया गांधी में है तो वे गठबंधन में आ रही बाकी दिक्कतों को दूर कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि कई बार भावावेश में कड़वी या मीठी बातें कह दी जाती हैं लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि मुद्दे से भटक गए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि इस बार विपक्ष का एक ही लक्ष्य है और वो है मछली की आंख में तीर मारना यानि 2019 का चुनाव जीतना।
गौरतलब है कि इससे पहले मायावती ने बुधवार को कहा था कि दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस नेता कांग्रेस और बसपा का गठबंधन नहीं चाहते। मायावती ने कहा कि दिग्विजय सिंह ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों से डरते हैं। मायावती ने कहा, 'दिग्विजय कहते हैं कि मैं केंद्र सरकार के दबाव में हूं। ये आधारहीन आरोप हैं। मुझे लगता है कि सोनिया और राहुल गांधी कांग्रेस-बसपा गठबंधन को लेकर ईमानदार हैं। लेकिन, कांग्रेस के कुछ नेता उनके प्रयासों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications