'इन्हें कमरे में बंद कर दो', रवि किशन को Gen-Z ने किया 'पागल', वायरल वीडियो देखकर पत्नी ने क्या कह दिया?
Ravi Kishan Gen Z Viral Videos: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन इन दिनों फिल्मों और राजनीति से ज्यादा अपने वायरल वीडियोज और सोशल मीडिया मीम्स को लेकर चर्चा में हैं। कभी उनका डांस वीडियो वायरल हो रहा है तो कभी 'कोटेश्वराय' गाने और 'मौन व्रत' से जुड़े क्लिप्स इंटरनेट पर छाए हुए हैं। अब रवि किशन का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
संसद के बाहर रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में वह मुस्कुराते हुए भोजपुरी अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं, "Gen Z ने हमें पागल कर दिया है, हमारी बुद्धि बंद कर दी है, हमें कुछ समझ नहीं आ रहा है।" रवि किशन की इस वायरल पॉपुलैरिटी पर अब उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला का भी मजेदार जवाब सामने आया है।

वायरल वीडियोज पर क्या बोले रवि किशन?
रवि किशन ने बताया कि इन दिनों उनके वीडियो और मीम्स जिस तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, उसे देखकर उनकी पत्नी भी मजाक करने लगी हैं। News18 इंडिया के एक कार्यक्रम में रवि किशन ने पत्नी प्रीति की बात बताते हुए कहा कि उनका मानना है कि वह जब भी घर से बाहर निकलते हैं, इंटरनेट पर वायरल हो जाते हैं। प्रीति ने बच्चों से मजाक में कहा कि रवि को एक कमरे में बंद कर देना चाहिए। इससे वह बाहर नहीं निकलेंगे और फिर वायरल भी नहीं होंगे।
ई GEN Z हमरा के पगला दिहेल बाड़न... हमरा बुद्धिया बंद कई देहना, बुद्धिया नाहीं चलत आ.
(GEN Z ने हमें पागल कर दिया है. हमारी बुद्धि बंद कर दी है, हमें कुछ समझ नहीं आ रहा है)
- रवि किशन pic.twitter.com/1Dg1p0pjcE
— Govind Pratap Singh | GPS (@govindprataps12) August 12, 2026
पत्नी ने क्यों कहा-कमरे में बंद कर दो?
रवि किशन के मुताबिक, उनकी पत्नी का यह मजाक उनकी मौजूदा इंटरनेट पॉपुलैरिटी से जुड़ा है। उनका कोई भी नया वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोग उस पर मीम और रील बनाने लगते हैं। रवि किशन ने इसी बात को लेकर कहा कि Gen Z ने उन्हें 'पागल' कर दिया है और उनकी समझ ही बंद कर दी है। रवि किशन ने पत्नी के इस मजाक को अपने पुराने दिनों से जोड़ते हुए 'बिग बॉस' का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि करियर के एक दौर में वह एक साथ 17 फिल्मों में काम कर रहे थे। काम इतना ज्यादा था कि वह कई बार कार में ही सो जाते थे और एक दिन में कई शिफ्ट में शूटिंग करते थे।
लगातार काम की वजह से उन्हें अपने अंदर थोड़ा घमंड महसूस होने लगा था। रवि के अनुसार, उनकी पत्नी को लगा कि उनका दिमाग थोड़ा बदल रहा है। इसके बाद उन्होंने रवि को 'बिग बॉस' में भेजने का फैसला किया। रवि किशन करीब तीन महीने तक शो में रहे। उनका कहना है कि इस दौरान उन्हें खुद को समझने और अपना नजरिया बदलने का मौका मिला। शो से बाहर आने के बाद वह खुद को पहले से ज्यादा सुलझा हुआ इंसान मानते हैं।
1993 में हुई थी रवि किशन की शादी
रवि किशन ने 1993 में प्रीति शुक्ला से शादी की थी। दोनों के चार बच्चे हैं। उनकी तीन बेटियां रीवा, इशिता और तनिष्का हैं, जबकि बेटे का नाम सक्षम है। रवि किशन अक्सर सोशल मीडिया पर परिवार के साथ तस्वीरें और खास पल भी शेयर करते हैं। हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान रवि किशन ने अपने 'मौन व्रत' के दौरान युवाओं से मिले समर्थन का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि Gen Z यानी आज की युवा पीढ़ी ने जिस तरह उन्हें प्यार और समर्थन दिया, उससे वह भावुक हो गए। रवि ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उनकी सोच और क्रिएटिविटी की तारीफ की। उनके मुताबिक, युवा उनके नाम, स्टाइल और बयानों पर जिस तरह रील्स और अलग-अलग तरह का कंटेंट बना रहे हैं, वह उनके लिए खास अनुभव है।
ये भी पढ़ें: छोटे बच्चे ने सदन में सुनाई Ravi Kishan की हूबहू स्पीच, VIDEO देख सांसद भी हुए कायल, कौन है युवराज चौधरी?


Click it and Unblock the Notifications
