गोल्ड तस्करी मामले में DRI का बड़ा दावा, रान्या राव ने तरुण राजू की फ्लाइट टिकट खरीदने में की मदद
Ranya Rao Gold Smuggling Case: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रान्या राव पर गोल्ड तस्करी में शामिल होने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने अदालत में बताया कि रान्या ने न सिर्फ तस्करी के लिए पैसे भेजे, बल्कि सह-आरोपी तरुण राजू की फ्लाइट टिकट खरीदने में भी मदद की।
डीआरआई के मुताबिक, यह एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह हो सकता है, जिसकी गहराई से जांच की जरूरत है। रान्या राव को 3 मार्च को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (KIAD), बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था। डीआरआई ने उन्हें 14.8 किलोग्राम सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा।

उनकी गिरफ्तारी के बाद 6 मार्च को मुंबई एयरपोर्ट से दो विदेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया, जो 21.28 किलोग्राम सोना (कीमत ₹18.92 करोड़) भारत लाने की कोशिश कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: Aamir Khan पर एक्स वाइफ ने लुटाया प्यार, नई गर्लफ्रेंड के ऐलान के बाद किरण राव बोलीं-'आई लव यू'
'मामले की गहराई से जांच की जरूरत'
डीआरआई ने इस मामले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है। एजेंसी ने सीबीआई को दी गई शिकायत में कहा, "यह मामला बड़े स्तर पर फैला हो सकता है। इसमें भारत सरकार के अज्ञात अधिकारियों या अन्य लोगों की संलिप्तता हो सकती है। इसलिए इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच जरूरी है।"
जमानत याचिका पर सुनवाई
तरुण राजू, जिसे 10 मार्च को गिरफ्तार किया गया था, ने जमानत याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई के दौरान डीआरआई ने बताया कि तरुण रान्या राव द्वारा भेजे गए पैसों से टिकट लेकर हैदराबाद से दुबई गया था। इसके अलावा, एजेंसी ने यह भी खुलासा किया कि तरुण 20 बार एक ही दिन में दुबई जाकर लौट चुका था।
डीआरआई का दावा है कि यह बैंकॉक और जिनेवा तक सोने की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क है। जब तरुण देश से भागने की कोशिश कर रहा था, तब डीआरआई ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया।
तरुण राजू के वकील ने किया बचाव
तरुण के वकील ने कोर्ट में डीआरआई के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह बेंगलुरु का स्थायी निवासी है और उसके खिलाफ कोई अन्य आपराधिक मामला लंबित नहीं है। इस मामले में डीआरआई के अतिरिक्त निदेशक अभिषेक चंद्र गुप्ता की शिकायत पर सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बेंगलुरु की विशेष आर्थिक अपराध अदालत ने तरुण राजू की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
ये भी पढ़ें: Ranya Rao Case: रान्या ने 2 साल में की 52 दुबई ट्रिप, 26 बार तरुण रहे साथ, जानें क्या थे दोनों के बीच लेन-देन?












Click it and Unblock the Notifications