रणबीर कपूर-आलिया भट्ट की शादी का कार्ड वायरल, नाम की स्पेलिंग में है गलती, जानें हकीकत
मुंबई। बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर और आलिया भट्ट इन दिनों अपनी किसी फिल्म को लेकर नहीं बल्कि अपने इश्क को लेकर चर्चे में हैं। दोनों शादी करने वाले हैं, ऐसी खबरें कई बार सामने आ चुकी हैं। बीच में तो ये भी खबर आई थी कि आलिया अपने लिए लहंगा भी तैयार करवा चुकी हैं। लेकिन आलिया की मां ने ऐसी किसी भी खबर को सिरे से नकार दिया। लेकिन एक बार फिर दोनों की शादी का कार्ड वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल कार्ड में शादी की डेट 22 जनवरी 2020 बताई जा रही है।

कार्ड पर लिखा जोधपुर स्थित उमेद भवन में होगी शादी
सोशल मीडिया पर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी का कार्ड वायरल हो रहा है। कार्ड के मुताबिक दोनों की शादी 22 जनवरी 2020 में होने वाली है। शादी की तारीख के अलावा कार्ड पर कपूर फैमिली और भट्ट फैमिली के नाम भी लिखे हुए हैं। दोनों की शादी वहीं होने जा रही है जहां प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने शादी की थी, यानी जोधपुर के उमेद भवन में। आप खुश न हों क्योंकि ये शादी का कार्ड पूरी तरह फेक नजर आ रहा है। कार्ड पर ऋषि कपूर, नीतू कपूर का नाम लिखा है।

इसलिए फेक है शादी का कार्ड
इस कार्ड के फेक होने का सबूत यह भी है कि इसमें महेश भट्ट के बजाए मुकेश भट्ट का नाम लिखा है। यानी आलिया भट्ट को मुकेश भट्ट की बेटी बता दिया गया है। सबसे बड़ी बात इस कार्ड पर आलिया भट्ट के नाम की स्पेलिंग ही गलत है। वहीं '22nd जनवरी' को इस कार्ड पर '22th जनवरी' लिखा गया है।

आलिया और रणबीर के रिश्ते के लिए दोनों के परिवारवाले रजामंद हैं
आलिया और रणबीर पब्लिक के बीच अपने प्यार का इजहार तो काफी पहले कर चुके हैं। अब फैन्स को इंतजार है तो बस उनकी शादी का। कुछ वक्त पहले तक कहा जा रहा था कि 2020 में आलिया और रणबीर शादी कर लेंगे। लेकिन अभी तक इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। लेकिन आलिया और रणबीर के रिश्ते के लिए दोनों के परिवारवाले रजामंद हैं। फिल्मों की बात करें तो दोनों जल्द ही फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में नजर आएंगे । फिल्म की शूटिंग का आखिरी चरण चल रहा है । ये फिल्म 2020 में रिलीज होगी। आलिया 'सड़क 2' में भी काम कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications