ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रामनाथ कोविंद, पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
भुवनेश्वर, फरवरी 19। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को उनके दौरे का पहला दिन था। पहले दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ पुरी के जगन्नाथ मंदिर में पहुंचे। मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना भी की। इससे पहले रामनाथ कोविंद भारतीय वायु सेना की विशेष उड़ान से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचे। इस मौके पर ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति कोविंद का स्वागत किया।

ओडिशा में ये रहेगा राष्ट्रपति का कार्यक्रम
- आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, ओडिशा में रामनाथ कोविंद का सबसे पहले पुरी में जगन्नाथ मंदिर जाने का कार्यक्रम था। राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने भी इस संबंध में एक एसओपी जारी किया था।
- इसके बाद राष्ट्रपति कोविंद कल श्रीमद् भक्तिसिद्धांत गोस्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि देने के लिए श्री चैतन्य गौड़िया मठ जाएंगे। वह गौड़िया मिशन के संस्थापक की 150वीं जयंती के तीन साल लंबे समारोह का भी उद्घाटन करेंगे।
दो दिन ओडिशा में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मुस्तैद
रामनाथ कोविंद के दौरे को देखते हुए राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे के लिए तीर्थ नगरी में सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 40 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया गया है।
- इसके अलावा रामनाथ कोविंद के लिए विशेष यातायात व्यवस्था भी की गई है और यह सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान भक्तों और अन्य निवासियों को असुविधा न हो।
आपको बता दें कि रामनाथ कोविंद की ये तीसरी ओडिशा यात्रा है। इससे पहले राष्ट्रपति 2021 में ओडिशा गए थे।












Click it and Unblock the Notifications