2019 में भाजपा के समर्थन के लिए मायावती से करूंगा बात: रामदास अठावले
नई दिल्ली। केंद्र सरकार में मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के संयोजक रामदास अठावले ने कहा है कि 2019 में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर बहुमत ना मिला तो वो बसपा मुखिया से बात करेंगे और भाजपा को समर्थन देने के लिए कहेंगे। अठावले ने कहा कि वो और मायावती दोनों की दलितों के हित की बात करते हैं, ऐसे में अगर जरूरत पड़ी तो वो भाजपा को समर्थन देने के लिए मायावती से बात करेंगे।

रामदास अठावले ने कहा है कि वो अभी से योजना बना रहे हैं और जरूरत पड़ी तो भाजपा की सरकार बनाने के लिए मायावती से बातचीत को तैयार हैं। अठावले ने सब तब कहा है जब भाजपा को रोकने के लिए मायावती की समाजवादी पार्टी से गठबंधन को लेकर बात हो रही है और मायावती केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। हाल ही में गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में बसपा ने सपा को समर्थन दिया था और सपा ने ये दोनों सीटें जीत लीं। मायावती 2019 में भी गठबंधन जारी रहने के संकेत दे चुकी हैं। माना जा रहा है कि सपा और बसपा साथ लड़े तो 2019 में उत्तर प्रदेश में समीकरण बदल सकते हैं और भाजपा की राह मुश्किल हो सकती है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 71 सीटें जीती थीं।












Click it and Unblock the Notifications