केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के छोटे भाई और समस्तीपुर से सांसद रामचंद्र का निधन
नई दिल्ली। एलजेपी सांसद और रामविलास पासवान के भाई रामचंद्र पासवान का निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली। कई दिनों से उनकी स्थिति नाजुक थी। लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। रामचंद्र पासवान का पार्थिव शरीर राम मनोहर लोहिया अस्पताल से उनके दिल्ली आवास राजेन्द्र प्रसाद रोड ले जाया जाएगा।

जिसके बाद कल पटना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। चिराग पासवान ने अपने चाचा रामचंद्र पासवान के निधन की जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामचंद्र पासवान के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया। मिली जानकारी के अनुसार रामचंद्र पासवान ने 11 जुलाई को दिल्ली स्थित आवास पर रात में सीने में दर्द की शिकायत की थी।
इसके बाद ही उन्हें दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि उन्हें बीते कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर भी रखा गया था। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल-चाल लिया था। रामचंद्र पासवान ने बिहार के समस्तीपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार अशोक कुमार को एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications