पूर्वांचली भाइयों को रोहिंग्या क्यों कहा? राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सदन में दिखाए तेवर
Rajya Sabha MP Sanjay Singh: राज्यसभा में मंगलवार को संविधान पर चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली चुनाव से पहले मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि तुगलकाबाद के बूथ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटवाए हैं।
संजय सिंह ने कहा, "भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तुगलकाबाद में मतदाताओं के नाम जानबूझकर और धोखाधड़ी से कटवाए हैं।" इस आरोप पर उपसभापति हरिवंश ने कहा कि इसे प्रमाणित (ऑथेंटिकेट) करने की आवश्यकता है। संजय सिंह ने जवाब दिया कि वह इसे प्रमाणित करेंगे।

संजय सिंह ने कहा- 'पूर्वांचली भाइयों को रोहिंग्या क्यों कहा?'
संजय सिंह ने इस पर तीखा जवाब देते हुए कहा, "पूर्वांचली भाइयों को बांग्लादेशी-रोहिंग्या कहने की इनकी हिम्मत कैसे हुई? हमारे पूर्वांचली भाई मेहनत करते हैं, पसीना बहाते हैं।" उन्होंने चेतावनी दी कि दिल्ली में भाजपा की चुनावी चाल नहीं चलेगी।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी घोटाले के जरिए दिल्ली में जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह चाल काम नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा, "अगर चुनाव में गड़बड़ी की गई तो संविधान को बचाना मुश्किल हो जाएगा।"
बांग्लादेशी घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर उठाए सवाल
संजय सिंह ने कहा, "बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या के मुद्दे पर बात की जा रही है। 10 साल से भाजपा की सरकार है, तो क्या इन 10 वर्षों में कोई बांग्लादेशी घुसपैठिया दिल्ली से बाहर किया गया है?" उन्होंने सवाल किया, "बांग्लादेश की सीमा त्रिपुरा, असम और बंगाल से लगती है, तो कोई बांग्लादेशी झारखंड, बिहार या यूपी से होकर दिल्ली कैसे पहुंचा?"
अडानी और बिजली चोरी पर भी BJP पर हमला
संजय सिंह ने अडानी पर हमला करते हुए कहा, "अडानी बांग्लादेश को भारत की चोरी की बिजली सप्लाई करता है। हमसे ज्ञान देने वालों को क्या पता, झारखंड की बिजली चोरी करके बांग्लादेश भेजी जा रही है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दोहरी नीति अपनाती है। "आपके लोग कतर के शेखों से व्यापार करेंगे, वहीं यहां मुसलमानों के खिलाफ हिंसा की बात करेंगे।"
दिल्ली चुनाव और भाजपा की रणनीति पर तंज़
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा दिल्ली चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश कर रही है, लेकिन दिल्ली की जनता उन्हें ऐसा नहीं करने देगी। "आप तीन बार हार चुके हो, अब वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करोगे, लेकिन ये चाल नहीं चलेगी," उन्होंने कहा।
संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि "यह देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा, किसी के फरमान से नहीं।" उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वे दिल्ली की सरकार को काम नहीं करने दे रहे हैं और हर कदम पर अड़ंगे लगा रहे हैं।
शिक्षा और भ्रष्टाचार पर भी कटाक्ष
संजय सिंह ने शिक्षा विभाग द्वारा दिए गए आंकड़े का हवाला देते हुए कहा कि पिछले आठ महीनों में 11 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों से बाहर हो गए हैं, जिनमें से 7 लाख 84 हजार बच्चे अकेले उत्तर प्रदेश से हैं। इसके बाद उन्होंने भाजपा पर तंज करते हुए कहा, "जब भाजपा भ्रष्टाचार पर बोलती है, तो ऐसा लगता है जैसे ओसामा बिन लादेन अहिंसा का उपदेश दे रहा हो।"
संजय सिंह ने कहा कि अगर सत्ता परिवर्तन हुआ, तो "किसी को भी बाहर नहीं छोड़ा जाएगा। सिर्फ तीन घंटे के लिए ईडी-सीबीआई दे दो, सबको जेल भेज दूंगा।"
जेपी नड्डा ने किया पलटवार
नेता सदन जेपी नड्डा ने संजय सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, "जो मुद्दा संजय सिंह ने उठाया है, वह संविधान में ही निहित है। नाम काटने का प्रावधान उसी संविधान में है, जिस पर हम चर्चा कर रहे हैं।" इसके बाद, उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या वे नाम बांग्लादेशी या रोहिंग्या नागरिकों के हैं, जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं।
जेपी नड्डा ने संजय सिंह के आरोपों पर कहा, "नाम हटाने का नियम है और इसके तहत कोई भी व्यक्ति किसी भी नाम पर आपत्ति कर सकता है। नियम सभी के लिए समान होते हैं, चाहे वो पूर्वांचली हों या बांग्लादेशी-रोहिंग्या।" इसके अलावा, उन्होंने आसन से संजय सिंह के भाषण के कुछ अंश हटाने की भी अपील की। राज्यसभा में यह बहस जारी रही, और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए।












Click it and Unblock the Notifications