Rajya Sabha Election: तीन सितंबर को है चुनाव, बीजेपी से कौन-कौन हो सकते हैं उम्मीदवार?
Rajya Sabha Chunav 2024: चुनाव आयोग ने तीन सितंबर को 9 राज्यों की 12 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा कर रखी है। इसके लिए 21 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। इन 12 सीटों में से ज्यादातर बीजेपी के पास थीं, इसलिए इसके उम्मीदवारों की अहमियत बढ़ जाती है।
राज्यसभा की जिन 12 सीटों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें से 7 सीट बीजेपी के पास थी। दो सीटें कांग्रेस के पास और एक-एक सीट आरजेडी, बीजेडी और बीआरएस के पास थी। इन 12 सीटों में से 10 सीटें इनके सांसदों के लोकसभा चुनाव में चुने जाने की वजह से खाली हुई हैं।

12 में से 7 पर थे भाजपा के सांसद
भाजपा की बात करें तो महाराष्ट्र से पीयूष गोयल, असम से सर्बानंद सोनोवाल और मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा चुनाव जीतने से उनकी सीटें खाली हुई हैं।
बीजेपी के अन्य राज्यसभा सांसद जिन्होंने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ऊपरी सदन से इस्तीफा दिया है, उनमें असम से कामख्या प्रसाद तासा, बिहार से विवेक ठाकुर, महाराष्ट्र से उदयनराजे भोसले और त्रिपुरा से पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब शामिल हैं।
ओडिशा-तेलंगाना में भी चुनाव
जहां तक असम,बिहार,त्रिपुरा और मध्य प्रदेश की बात है तो भाजपा को यहां से जीतने की संभावना ज्यादा है। वहीं बदली परिस्थितियों में राजस्थान और ओडिशा में भी भाजपा की संभावना बढ़ गई है। ओडिशा में बीजेडी की राज्यसभा सांसद और तेलंगाना में बीआरएस के सांसद के इस्तीफे की वजह से यहां उपचुनाव की सीन बनी है।
बीजेपी के 12 में से 11 सीटों पर जीत की संभावना
तेलंगाना में बीआरएस सांसद के केशव राव इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। वहीं ओडिशा की बीजेडी सांसद ममता मोहंता इस्तीफा देने के बाद भाजपा में आ चुकी हैं। संभावना है कि बीजेपी को तेलंगाना छोड़कर अन्य सभी 8 राज्यों की 11 सीटों पर जीत मिल सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र और हरियाणा की सीटों पर उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
इस बार हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा की मंत्री स्मृति ईरानी, अर्जुन मुंडा और आरके सिंह को हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन, फिलहाल इन्हें पार्टी से राज्यसभा का टिकट मिलने की संभावना कम लग रही है। अर्जुन मुंडा झारखंड विधानसभा में पार्टी के प्रत्याशी हो सकते हैं।
बिहार से उपेंद्र कुशवाहा को दे सकता है बीजेपी मौका
जहां तक भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की बात है तो इसमें बिहार से उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा का नाम सबसे आगे चल रहा है। बिहार में अगले साल विधानसभा का चुनाव है और लोकसभा चुनाव में एनडीए को वहां जिस तरह से सीटें कम हुईं हैं, उसमें कुशवाहा वोट बैंक को खुश करने के लिए उनके नाम की चर्चा चल रही है।
रवनीत सिंह बिट्टू को भी भेजा जा सकता है राज्यसभा
पीएम मोदी ने इस बार अपने मंत्रिपरिषद में पंजाब के पूर्व कांग्रेसी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को शामिल किया है। वह अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में उनके मंत्री पर बने रहने के लिए यह जरूरी है कि वह राज्यसभा के माध्यम से संसद पहुंचें। हो सकता है कि पार्टी उन्हें राजस्थान के रास्ते ऊपरी सदन में भेजने की कोशिश करे।
जॉर्ज कुरियन के भी भाजपा उम्मीदवार बनने की संभावना
इसी तरह से बीजेपी केरल में पार्टी के प्रमुख चेहरे जॉर्ज कुरियन को भी राज्यसभा में भेज सकती है। हो सकता है कि उन्हें ओडिशा से ऊपरी सदन में दाखिल होने का मौका मिल जाए। वह भी मोदी सरकार में मंत्री बने हैं, लेकिन किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। जहां तक असम की बात है तो दो सीटों के लिए दावेदारों की संख्या ज्यादा है, जो कि 10 बताई जा रही है।
असम में इन नेताओं का चल रहा है नाम
इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली, पूर्व सांसद राजदीप रॉय और तोपोन गोगोई में से किसी को भी मौका मिल सकता है। हालांकि, भाजपा बीते एक दशक में चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है। इसलिए, किन नेताओं को आखिरकार ऊपरी सदन जाने का मौका दिया जाता है, यह बड़ा सवाल है।












Click it and Unblock the Notifications