मोदी ही होंगे बीजेपी के पीएम उम्मीदवार, राजनाथ ने की सहयोगियों से बात, शाम 5 बजे होगा ऐलान
नयी दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के विरोध के बावजूद भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना तय कर लिया है। खबरों के मुताबिक इसी के चलते मोदी अहमदाबाद से दिल्ली आ रहे हैं। शाम 3 बजे मोदी दिल्ली पहुंच जाएंगे। 5 बजे भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक होनी है। इसी बैठक में मोदी की ताजपोशी की जाएंगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने खुद अपनी सहयोगी पार्टियों से बात की और उन्हें इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि नरेन्द्र मोदी को 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की और उन्हें बताया कि मोदी को भाजपा का पीएम उम्मीदवार बनाने का फैसला किया गया है। शिवसेना के साथ-साथ राजनाथ सिंह ने अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल से बात की और उन्हें पार्टी के फैसले के बारे में जानकारी दी। सहयोगियों से बातचीत के बाद अब सिर्फ औपचारिक ऐलान भर रह गया।

जहां एक ओर मोदी की ताजपोशी से भाजपा का एक खेमा खुश हो तो वहीं विरोधी खेमें में नाराजगी है। नरेन्द्र मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाने का विरोध कर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को मनाने की कोशिशें जारी है।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज, संसदीय बोर्ड के सदस्य अनंत कुमार और नितिन गडकरी आडवाणी को मनाने के लिए उनके घर गए हैं। उन्हें मनाने की कोशिश की। इससे पहले आडवाणी से मिलने के बाद पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य नितिन गडकरी और रामलाल ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उन तक आडवाणी की बात पहुंचाई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक आडवाणी के रुख मोदी पर नरम नहीं हुए है।
शिवसेना ने किया मोदी का समर्थन
शिवसेना ने मोदी को भाजपा का पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने का समर्थन किया है। शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि वो मोदी का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में एनडीए कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। संजय ने कहा कि आडवाणी राजनीति में भीष्म पितामह के रूप में हैं। हमने हमेशा उनका मार्गदर्शन लिया है।
पार्टी के फैसले के साथ शिवराज
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने एक अंग्रेजी चैनल को दिए बयान में स्पष्ट किया कि पार्टी पीएम पद के उम्मीदवार के लिए जो भी फैसला लेगी, वो उसका समर्थन करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले शिवराज सिंह चौहान की तरह से मोदी को लेकर बगावत के सुर उठे थे, लेकिन अब उन पर भी नमो का जादू चल गया है।
मोदी ने किया भाजपा का ध्रुवीकरण
लालकृष्ण आडवाणी के पुराने सहयोगी सुधींद्र कुलकर्णी ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने भाजपा में ध्रुवीकरण कर दिया है। उन्होंने ट्वीट किया कि एक सामाजिक ध्रुवीकरण नेता ने अपनी ही पार्टी का ध्रुवीकरण कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications