हमारा चौकीदार चोर नहीं प्योर, फिर से पीएम बनना श्योर: राजनाथ सिंह
मुरादाबाद। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि विपक्ष पीएम को कहता है कि चौकीदार चोर है लेकिन सच ये है कि चौकीदार प्योर है और एक बार फिर उसक पीएम बनना पक्का है। सिंह ने मुरादाबाद में भाजपा के सेक्टर संयोजक व सेक्टर प्रभारियों के सम्मेलन में कहा, पीएम और यूपी के सीएम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। कोई कुछ भी कहे मोदी की बदौलत ही भारत की प्रतिष्ठा अंतरराष्ट्रीय जगत में बढ़ी है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री को चोर कहने वाले सारी मर्यादा भूल रहे हैं। तीस साल से सेना को राफेल की जरूरत थी, कांग्रेस ने ध्यान नहीं दिया, मौजूदा सरकार ने सेना का ख्याल रखते हुए डील की तो इस पर भी सवाल उठा रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष भाजपा से डरा हुआ है, इसलिए सब इकट्ठे हो रहे हैं। यह दलों का गठबंधन नहीं बल्कि भ्रष्टाचार का गठबंधन है। सिंह ने कहा कि पार्टी नेता आगामी लोकसभा की तैयारियों के लिए जुट जाएं। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा विचारधारा की पार्टी है। 1980 में पार्टी बनी और दो सीटों पर जीत मिली तो राजीव गांधी ने दो सीटों का मजाक उड़ाया था लेकिन 2014 में हमें पूर्ण बहुमत मिला।
नहीं पहना सोने का मुकुट
पांच लोकसभा सीटों के शक्ति सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे राजनाथ सिंह का स्वागत जब मुरादाबाद सांसद सर्वेश सिंह ने सोने का मुकुट पहनाकर करना चाहा तो उन्होंने यह कहते हुए मुकुट वापस कर दिया कि इसे वह क्षेत्र की सबसे गरीब बेटी की शादी में भेंट कर दें। गरीब बेटी सोने की पायल में विदा होनी चाहिए। इससे कार्यक्रम में मौजूद लोग काफी खुश नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications