राजनाथ ने फिर ललकारा, आतंकवाद का सहारा ले रहा है पाकिस्तान
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आईटीबीपी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित परेड में कहा कि आईटीबीपी की वजह से सीमा उल्लंघन में 7 प्रतिशत की कमी आई है।
नोएडा। 'जब तक सीमा पर भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान तैनात हैं तब तक हमारे भारत की तरफ दुनिया का कोई भी देश आंख उठाकर नहीं देख सकता...।'

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को नोएडा में आईटीबीपी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित परेड में ये बातें कहकर जवानों का हौसला बढ़ाया।
राजनाथ ने कहा कि आईटीबीपी की मुस्तैदी की वजह से सीमा उल्लंघन के मामलों में 7 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने आगे बढ़कर दुश्मन को सरहद में घुसने से रोका है। गृहमंत्री ने कहा कि हमारा पड़ोसी देश आतंकवाद का सहारा ले रहा है, छद्म युद्ध छेड़ रहा है।
गृहमंत्री राजनाथ ने पाकिस्तान को ललकारते हुए कहा कि असली वीर वो नहीं होते जो छद्म युद्ध करते हैं बल्कि असली वीर वो हैं जो सीने का बटन खोलकर आंख में आंख डालकर लड़ते हैं।
गौरतलब है कि भारत की ओर से पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से सीमा पर पाक की तरफ से फायरिंग की जा रही है। भारतीय सेना के जवान भी पाक की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
गुरुवार शाम से एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से जबरदस्त गोलाबारी की जा रही है। तंगधार, अखनूर, मेंढर में पूरी रात फायरिंग हुई है, जिसके जवाब में भारतीय सेना ने भी तगड़ा जवाब दिया है, जिसमें पाकिस्तान को भी काफी नुकसान हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications