UPSC की तैयारी कर रहे राजेंद्र नगर के छात्रों की सरकार से क्या है मांग? ये सब सही हो जाए, तो ऐसी नौबत ही ना आए
Rau IAS coaching Centre tragedy updates: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में Rau IAS कोचिंग सेंटर में 27 जुलाई की शाम एक दुखद हादसा हुआ, दो छात्राओं और एक छात्र की मौत हो गई है। सड़क पर बारिश के पानी का जलभराव था और कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में पानी भर गया, हादसे के वक्त लाइब्रेरी में उपस्थित 30 छात्रों में से 27 बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि तीन की मौत हो गई।
3 छात्रों की दुखद मौत के बाद दिल्ली नगर निगम ने रविवार (28 जुलाई) ने दिल्ली में 13 अन्य सिविल सेवा कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील कर दिया। अधिकारियों द्वारा यह कार्रवाई छात्रों के बढ़ते दबाव के बाद की गई, जो सरकार से न्याय की मांग कर रहे हैं और अवैध रूप से इस्तेमाल किए गए बेसमेंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस हादसे के बाद UPSC की तैयारी करने वाले राजेंद्र नगर के छात्रों की सरकार और प्रशासन से कई मांगे हैं।

छात्रों की सरकार और प्रशासन से क्या-क्या है मांग?
🔴राजेंद्र नगर में हुई घटना के बाद कोचिंग संस्थान के बाहर लगातार छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन कर रहे है छात्र दिल्ली नगर निगम के खिलाफ खूब नारेबाजी कर रहे हैं। इनका कहना है कि इलाके में थोड़ी सी बारिश के बाद भी पानी भर जाता है। यहां लगातार पिछले 2 से 3 सालों से यह स्थिति बनी हुई है। अगर बारिश आने से पहले ही इसका निपटारे की तैयारी की जाती तो ऐसी नौबत ही नहीं आती। अभी हफ्ते भर पहले ही पटेल नगर में करंट लगने से एक छात्र की मौत हुई थी। ये सब लापरवाही का ही नतीजा है।
🔴दिल्ली के राजेंद्र नगर में ABVP ने भी कैंडल मार्च निकाला था। ABVP ने कैंडल मार्च निकालकर यूपीएससी कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी घुसने से मृत छात्र-छात्राओं के लिए न्याय की मांग की और एक करोड़ मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
🔴छात्रों ने कोचिंग संस्थानों के संचालन में बरती जा रही लापरवाही का विरोध करते हुए सभी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही कोचिंग संस्थानों के संचालन की मांग उठाई है।

🔴कई छात्रों का कहना है कि अगर मुखर्जी नगर की घटना से दिल्ली सरकार और एमसीडी ने सबक लिया होता तो राजेंद्र नगर की घटना से बचा जा सकता था।
🔴वहीं किशोर सिंह कुशवाहा नाम के छात्र का कहना है कि, ''मैंने कई बार शिकायत की थी, बेसमेंट में गलत तरह से कोचिंग चल रही है लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।'' किशोर सिंह कुशवाह ने RAU IAS कोचिंग द्वारा बेसमेंट का कमर्शियल उपयोग करने के खिलाफ 26 जून 2024 को कंप्लेन की थी।
🔴Rau IAS कोचिंग सेंटर के बाहर स्टडी सर्किल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एक छात्र का कहना है कि, "हमारी प्राथमिक मांग है कि प्रशासन यहां आए, हमारी मांगों को सुने और जवाब दे। बेसमेंट में बने पीजी, रेस्टोरेंट और लाइब्रेरी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें बंद किया जाए। जिन इमारतों की समय सीमा खत्म हो चुकी है, उनका एनओसी रद्द किया जाना चाहिए।"
🔴यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए पिछले दो वर्षों से ओल्ड राजेंद्र नगर में हरियाणा की रहने वाली कृति का कहना है कि, "पूरे इलाके में लाइब्रेरी बेसमेंट में चलाए जाते हैं और एमसीडी और स्थानीय संस्थान दोनों ही इसके लिए जिम्मेदार हैं। ये पूरा एक नेक्सस है, जिसमें बिल्डिंग के मालिक से लेकर प्रशासन तक जिम्मेदार है।''
🔴कई छात्रों का कहना है कि एक ऐसी सरकारी बॉडी बनाने की जरूरत है, जो UPSC या अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की परेशानियां और उनको होने वाली कठिनाइयों को समझे और उसपर जांच करे।












Click it and Unblock the Notifications