'ढीली जींस पहनने वाले लड़के कैसे करेंगे अपनी बहनों की रक्षा?', कटाक्ष करते हुए सुमन शर्मा ने पूछा
राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा ने महिला दिवस के मौके पर कहा कि जो लड़के अपनी जींस नहीं संभाल सकते, वो अपनी बहन की रक्षा कैसे करेंगे। राजस्थान में महिला दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में ये बातें कहीं।

जयपुर। राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा ने महिला दिवस के मौके पर कहा कि जो लड़के अपनी जींस नहीं संभाल सकते, वो अपनी बहन की रक्षा कैसे करेंगे। राजस्थान में महिला दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में ये बातें कहीं। उन्होंने युवा पीढ़ी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक वक्त लड़कियां ऐसे लड़कों की कल्पना करती थीं जिनकी छाती चौड़ी हो लेकिन आजकल ऐसे लड़के दिखते ही नहीं हैं।

'चौड़ी छाती वाले मर्द नहीं दिखते'
राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा ने कहा, 'एक वक्त ऐसा था जब लड़कियां ऐसे मर्दों की कल्पना करती थीं जिनकी छाती चौड़ी हो लेकिन आजकल ऐसे मर्द नहीं दिखते। आजकल लड़के केवल ढीली जींस पहने दिखते हैं।' उन्होंने युवाओं के फैशन ट्रेंड पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ऐसे लड़के, जो अपनी जींस नहीं संभाल सकते, वो अपनी बहनों की रक्षा कैसे करेंगे। उन्होंने न केवल लड़कों पर सवाल खड़े किए, बल्कि लड़कियों के साइज जीरो पर भी बोला।

'इयररिंग्स पहनने लगे हैं लड़के'
सुमन शर्मा ने कहा, 'आजकल लड़के लड़कियों की तरह इयररिंग्स पहनने लगे हैं। मैं इसकी आलोचना नहीं कर रही हूं लेकिन हमें इसे बदलना होगा। हमें लड़कों को चौड़ी छाती के लिए तैयार करना होगा। ये हमारी और सभी माओं की जिम्मेदारी है।' शर्मा ने लड़कियों को लेकर कहा कि उन्हें खुद को इतना 'आजाद' नहीं समझना चाहिए जिससे समाज और परिवार में असंतुलन पैदा हो जाए।

'बैलेंस बना रहना बेहद जरूरी'
'महिलाएं खुद आगे नहीं बढ़ सकतीं अगर वो पुरुषों को पीछे छोड़ देंगी। दोनों समानांतर हैं और इससे छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। इसलिए समाज में बैलेंस बना रहना बहुत जरूरी है। महिलाएं प्रतिज्ञा लें कि वो इस समाज को बेहतर बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगी।'












Click it and Unblock the Notifications