राजस्थान MLA खरीद-फरोख्त केस: मानेसर के हेरिटेज विलेज होटल से भी SOG खाली हाथ
नई दिल्ली- राजस्थान में कांग्रेस विधायकों के कथित खरीद-फरोख्त केस में बुधवार को भी राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को झटका लगा है। उसने दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पास हेरिटेज विलेज होटल से विधायकों के बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन होटल ने बताया कि वहां कोई विधायक नहीं ठहरा हुआ है। इससे पहले 23 जुलाई को भी एसओजी ने मानेसर के बेस्ट वेस्टर्न रिजॉर्ट कंट्री क्लब को भी इसी तरह से नोटिस देकर विधायकों के बारे में पूछा था, लेकिन तब बताया गया था कि वह कोविड सेंटर है।

राजस्थान एसओजी ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर बताया है कि मानेसर के होटल प्रबंधन से उसने विधायकों के वहां ठहरने की जानकारी मांगी, लेकिन होटल प्रबंधन ने कहा कि वहां कोई विधायक नहीं ठहरा है। इससे पहले इस केस के अनुसंधान अधिकारी ने 23 जुलाई को मानेसर के बेस्ट वेस्टर्न रिजॉर्ट कंट्री क्लब के मैनेजमेंट को नोटिस देकर विधायकों की मौजूदगी के बारे में पूछा था। तब वहां से भी यह बताया गया था कि वह कोविड सेंटर है और विधायक नहीं ठहरे हुए है। इस बीच 17 जुलाई, 2020 को विधायकों की खरीद-फरोख्त केस में गिरफ्तार आरोपी संजय जैन उर्फ संजय बरडिया का वॉयस सैंपल लेने के लिए अदालत ने 31 जुलाई की तारीख निश्चित की है।
बता दें कि कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित विधायक भंवल लाल शर्मा ने मंगलवार को ही विधायकों की खरीद-फरोख्त केस की जांच एनआईए को सौंपने के लिए राजस्थान हाई कोर्ट में अर्जी दी है। उनपर आरोप है कि उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर अशोक गहलोत सरकार को गिराने की कोशिश की है। उन्होंने इस केस में अपने ऊपर दर्ज एफआईआर भी रद्द करने की गुहार लगाई है।
इस बीच राजस्थान की सियासत में क्या हो रहा है, यह देखना बहुत दिलचस्प ही होता जा रहा है। एक तरफ तो कांग्रेस पार्टी अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सचिन पायलट पर कार्रवाई के मौके तलाश रही है, दूसरी तरफ उन्होंने उनकी जगह नए कांग्रेस चीफ बनाए गए गोविंद सिंह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ख्याल रखेंगे।(तस्वीर मानेसर- 17 जुलाई,2020)












Click it and Unblock the Notifications