राजस्थान: नाल-बीकानेर एयरफोर्स स्टेशन के पास मिला जिंदा मोर्टार बम, जांच जारी
नई दिल्ली। राजस्थान के नाल-बीकानेर एयरफोर्स स्टेशन के करीब जिंदा मोर्टार बम मिलने से हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना मिलते ही भारतीय वायुसेना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस अधीक्षक को भी इस मोर्टार बम की सूचना दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ये जिंदा बम नाल एयरफोर्स स्टेशन से कुछ दूरी पर हाईवे के पास रखा गया था।

मौके पर पुलिस पहुंंच चुकी है और लोगों को आसपास से गुजरने से रोक दिया गया है। हालांकि अभी इसकी जानकारी नहींं मिल सकी है कि ये बम किसने यहां पर रखा है। जानकारी के मुताबिक, वायुसेना और पुलिस के अधिकारियों ने बम डिफ्यूज करने के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। 81 एमएम मोर्टार बम पर नाम के साथ एक्सप्लोसिव लिखा है। ये बम नेशनल हाइवे पर नल एयरफोर्स स्टेशन से कुछ दूरी पर सड़क किनारे मिला है।
अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसपी बीकानेर प्रदीप शर्मा ने बताया कि आज सुबह गंगानगर बाईपास रोड पर एक प्रकार का गोला बारूद मिला। हमने सेना को इसके बारे में सूचित किया। उन्होंने कहा कि यह एक जिंदा मोर्टार बम है। सेना के बम दस्ते ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है, इस मामले में जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जहां से जिंदा मोर्टार बम मिला है वहां से भारत-पािकिस्तान की सीमा केवल 23 किलोमीटर दूर है। नाल एयरबेस मिग लड़ाकू विमान का अहम बेस है और संकट की स्थिति में किसी भी पल यहां से विमानों को रवाना किया जा सकता है। ऐसे में यहां पर जिंदा मोर्टार बम का मिलना कई संकेत देता है।
पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना के विमानों ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की थी जिसके बाद से ही पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। राजस्थान सीमा पर इसके पहले पाकिस्तानी ड्रोन को भी मार गिराया गया था। जबकि कच्छ में भी बीएसएफ ने दुश्मन देश के एक ड्रोन को मार गिराया था।












Click it and Unblock the Notifications