दिल्ली-NCR में मौसम ने बदली करवट, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम को मौसम ने करवट बदली। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। साथ ही तेज हवाओं ने मौसम को और सुहाना बना दिया है। बुधवार दोपहर को दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। शाम को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज हवाओं के चलने की चेतावनी जारी कर दी थी। इसे प्री-मानसून की बारिश माना जा रहा है।

इस बार भी मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई। अनुमान के मुताबिक ही सबसे पहले दिल्ली में तेज हवाएं चलीं, फिर झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद दिल्ली से सटे नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस बारिश के बाद से ही मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से निजात मिली है। स्काईमेट के मुताबिक अगले कुछ घंटों में आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा, गुजरात के पूर्वी हिस्सों, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है।
जल्द पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक अगर मानसून एक्सप्रेस इसी रफ्तार से आगे बढ़ा तो ये बिहार में 15 से 20 जून के बीच, झारखंड में तो यह 15 जून तक और राजधानी दिल्ली में 20 जून तक पहुंचेगा। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में भी इसी दौरान मानसून आ सकता है। मौसम विभाग ने इस बार सामान्य से थोड़ी अधिक बरसात का अनुमान लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications