नए साल में मिल सकता है महंगे रेल किराये का तोहफा
नई दिल्ली। अच्छे दिनों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए सरकार एक बुरी खबर लेकर आने वाली है। जी हां नये साल के तोहफे के रूप में सरकार रेल का किराया बढ़ाने का मन बना रही है। अगले साल फरवरी में पेश होने वाले रेल बजट में ऊर्जा की बढ़ती लागत का बोझ यात्रियों पर डालने के लिए रेल किरायों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया जा सकता है।

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि कुछ बोझ तो लोगों को उठाना होगा। वहीं जब उनसे रेलवे के बढ़ते खर्चे को पूरा करने के लिए किरायों में बढ़ोतरी की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस संभावना से इनकार नहीं किया है।
प्रभु ने कहा कि किरायों में बढ़ोतरी से पहले यात्री सेवाओं में सुधार किया जाना चाहिए। सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जा सकता इसके लिए भारी निवेश की जरूरत है। इसके लिए कुछ बोझ तो लोगों को उठाना होगा।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु का कहना है कि रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने रेल के किराए में बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि ईंधन समायोजन से संबंधित किराया जो कि दिसंबह में होना है उसके लिए फरवरी बजट में प्रभावी किया जा सकता है। रेलवे के अधिकारियों की मानें तो ऊर्जा की लागत में चार प्रतिशत बढ़ोत्तरी हुई है जिसके चलते यह फैसला लेना पड़ेगा।
रेलवे की नई नीति के अनुसार ईंधन और ऊर्जा की लागत से संबंधित यात्री किराए और मालभाड़े में अब हर साल दो बार संशोधन किया जाएगा। पिछली बार जून में संशोधन किया गया था जिसके बाद यात्री किरायों में 4.2 प्रतिशत व मालढुलाई भाड़े में 1.4 फीसद की बढ़ोतरी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications