अमेठी से फिर चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी! इस खास वजह से अभी तक कांग्रेस ने साध रखी है चुप्पी
राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। वे 26 अप्रैल के बाद अमेठी सीट से अपना नामांकन भरेंगे। कांग्रेस नेता केरल में वायनाड सीट पर दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। वायनाड सीट पर 26 अप्रैल को चुनाव है। यहां पर चुनाव हो जाने के बाद ही राहुल अमेठी सीट पर अपना नामांकन भरेंगे।
मीडिया रिपोर्ट् के मुताबिक राहुल गांधी वायनाड के मतदाताओं को यह संदेश नहीं देना चाहते हैं कि वायनाड के विकल्प के रूप में उनके पास अमेठी भी है और जीत के बाद वो ये सीट छोड़ भी सकते हैं। यही वजह है कि अब तक कांग्रेस नेता ने अब तक अमेठी से चुनाव लड़ने का ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है।

कांग्रेस का मानना है कि अब भी गांधी परिवार को अमेठी और रायबरेली जैसी परंपरागत सीटों पर अधिक प्रचार की आवश्यकता नहीं है। शायद इसी वजह से अब तक पार्टी ने दोनों ही सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का खुलासा नहीं किया है।
उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट पर आगामी 20 मई को पांचवें चरण में मतदान होना है। इसके लिए आगामी 27 अप्रैल से यहां नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। राहुल गांधी ने वायनाड सीट पर नामांकन भर दिया है। यहां पर पिछले चुनाव की तुलना में इस बार कड़ा चुनाव होने की उम्मीद है। यहां पर राहुल का मुकाबला केरल बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन और डी राजा की पत्नी और चर्चित सीपीआई नेता एनी राजा से है।
आपको बता दें कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी अमेठी के साथ ही केरल की वायनाड सीट से भी चुनावी मैदान में उतरे थे। लेकिन वह अमेठी में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे।
इससे पहले सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। वाड्रा ने कहा है कि लोग चाहते हैं कि वह अमेठी से चुनाव लड़ें। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि अमेठी के लोग चाहते हैं कि वह आगे आएं और कमान संभालें क्योंकि यहां उन्होंने अपना राजनीतिक काम साल 1999 से ही शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications