मानवाधिकार दिवस पर बोले राहुल गांधी, गरीबों के मौलिक अधिकार छीन रही मोदी सरकार
राहुल गांधी ने उस खबर को शेयर किया है, जिसमें बताया गया कि लॉकडाउन के दौरान अपना पेट भरने के लिए 11 राज्यों की करीब 45 फीसदी जनता ने कर्ज लिया।
नई दिल्ली। किसानों के मुद्दे पर लगातार मोदी सरकार को घेरने में जुटे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने मानवाधिकार दिवस के मौक पर ट्वीट करते हुए एक बार फिर पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में एक सर्वे की उस खबर को शेयर किया है, जिसमें बताया गया है कि लॉकडाउन के दौरान अपना पेट भरने के लिए 11 राज्यों की करीब 45 फीसदी जनता ने कर्ज लिया। राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार गरीबों के मौलिक अधिकार छीन रही है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'मोदी सरकार गरीबों के मौलिक अधिकार छीन रही है। ये मानवता के विरुद्ध अपराध है। देश के बेहतर भविष्य के लिए हमें हर वर्ग के अधिकारों का सम्मान करना ही होगा।' दरअसल बुधवार को 'हंगर वॉच' के सर्वे में बताया गया कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान लगाए गए लॉकडाउन में देश के 11 राज्यों की करीब 45 फीसदी आबादी ने अपना पेट भरने के लिए कर्ज लिया। सर्वे में यह भी बताया गया कि लॉकडाउन के दौरान सबसे ज्यादा दयनीय हालत दलितों और मुसलमानों की रही और इन दोनों वर्गों के हर चौथे आदमी को भारी आर्थिक संकट से जूझना पड़ा। राहुल गांधी ने इस खबर को अपने ट्वीट में शेयर किया है।

इन राज्यों में किया गया सर्वे
आपको बता दें कि कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च में महीने में लॉकडाउन का ऐलान किया था, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया। 'हंगर वॉच' ने सर्वे के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, दिल्ली, तेलंगाना, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में कमजोर समुदायों के करीब चार हजार लोगों से इस बारे में प्रतिक्रिया ली। सर्वे की रिपोर्ट लॉकडाउन लागू होने के बाद सितंबर से अक्टूबर के बीच की स्थिति पर तैयार की गई है।











Click it and Unblock the Notifications