यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए राहुल गांधी ने लगाई गुहार, कहा- वीडियो देख दिल दुख रहा है
नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच कई दिनों से चल रहे युद्ध के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय छात्रों को यूक्रेन से निकालने के लिए एक बार फिर केंद्र सरकार से अपील की है। साथ ही सरकार से "फंसे लोगों और उनके परिवारों के साथ एक विस्तृत निकासी योजना साझा करने" के लिए कहा। इसके अलावा राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें छात्रों के साथ हिंसा हो रही है, उन्हें पीटा जा रहा है। वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है कि इस तरह की हिंसा झेल रहे भारतीय छात्रों और ये वीडियो देखने वाले उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।

साथ ही यह भी लिखा कि इस हिंसा को झेल रहे भारतीय छात्रों और ये वीडियो देखने वाले उनके परिजनों के लिए दिल से दुख हो रहा है। किसी भी अभिभावक को ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए। भारत सरकार को युक्रेन में फंसे हुए लोगों और उनके परिवारों के साथ तत्काल निकासी योजना शेयर करना चाहिए। हम अपनों को नहीं छोड़ सकते।' रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें कुछ भारतीय छात्रों को तब परेशान किया जा रहा है जब वे पोलैंड की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे। जबकि पोलैंड ने कहा है कि भारतीय छात्रों को देश में प्रवेश करने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं होगी।
बता दें कि इससे पूर्व राहुल गांधी ने कर्नाटक के कुछ भारतीय छात्रों का वीडियो शेयर किया, जिसमें छात्र एक बंकर में छिपे हुए थे। वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया था कि ''बंकर में मौजूद भारतीय छात्रों का यह दृश्य परेशान करने वाला है। बहुत सारे छात्र पूर्वी यूक्रेन में फंसे हुए हैं जहां भीषण हमला हो रहा है। मैं उनके चिंतित परिजन के साथ हूं। मैं एक बार फिर भारत सरकार से उन्हें तत्काल निकालने की अपील करता हूं।''
बता दें कि भारत सरकार की तरफ से यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक 1156 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसके अलावा विदेश मंत्रालय की तरफ से OpGanga Helpline नाम से एक ट्विटर हैंडल भी बनाया गया है। सोमवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1942 से करीब सुबह 6:30 बजे रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से दिल्ली पहुंची है।
Recommended Video
इसमें 249 भारतीय नागरिक सवार थे। ऑपरेशन गंगा के तहत तीन दिनों में पांचवीं फ्लाइट थी। यूक्रेन संकट पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहम बैठक की. सूत्रों ने कहा कि विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने यूक्रेन की मौजूदा स्थिति पर प्रधानमंत्री को एक प्रस्तुति दी, जिसमें निकासी कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। सरकार ने रविवार को कहा कि निकासी के प्रयासों के बीच करीब 2,000 भारतीयों को वापस लाया गया है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में रैली के दौरान कहा कि केंद्र "यूक्रेन से प्रत्येक भारतीय की वापसी सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात काम कर रहा है। यूक्रेन से भारतीयों को सुरक्षित निकालने के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर हमला कर रही है। राहुल गांधी जहां नियमित रूप से ट्वीट कर रहे हैं, तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं। वहीं पार्टी के एक अन्य नेता रणदीप सुरजेरवाला ने रविवार को कहा कि पीएम मोदी भारी संकट के बावजूद चुनाव प्रचार पर नजर रखने के लिए उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications