'मुस्लिम लीग पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष पार्टी है...', IUML के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर क्या बोले राहुल गांधी
अमेरिका के वाशिंगटन डीसी स्थित नेशनल प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वह संस्था है जिसने संस्थानों की अवधारणा की। हम उन्हें अपनी संस्था के रूप में नहीं देखते हैं हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। अमेरिका के वाशिंगटन डी. सी. स्थित नेशनल प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मुस्लिम लीग पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के साथ केरल में कांग्रेस के गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पार्टी के साथ गठबंधन में कुछ भी गलत नहीं है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछा गया, 'आप हिंदू पार्टी बीजेपी का विरोध करते हुए धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की बात करते हैं। लेकिन, आप केरल में मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन में हैं? इसके जवाब में राहुल गांधी कहते हैं, ''मुस्लिम लीग पूरी तरह से धर्मनिरपेक्ष पार्टी है, मुस्लिम लीग के बारे में कुछ भी गैर-धर्मनिरपेक्ष नहीं है।'' उन्होंने कहा कि मुस्लिम लीग एक सेक्युलर पार्टी है।
'आजादी के बाद मैं पहला जिसको मानहानि के लिए सबसे ज्यादा सजा दी गई'
मानहानि मामले में सजा पाने के बाद संसद की सदस्यता चले जाने पर राहुल गांधी ने कहा, ''1947 के बाद भारतीय इतिहास में मैं पहला व्यक्ति हूं जिसे मानहानि के लिए सबसे ज्यादा सजा दी गई है।
मेरी अयोग्यता संसद में अडानी पर मेरे भाषण के ठीक बाद हुई। यह बताना चाहिए कि भारत में क्या चल रहा है।''
राहुल गांधी ने कहा, ''मैं जान से मारने की धमकियों से चिंतित नहीं हूं। सबको एक दिन मरना है। मैंने अपनी दादी और पिता से यही सीखा है। आप कुछ इस तरह से पीछे नहीं हट सकते हैं।''
'भारत में प्रेस की स्वतंत्रता कमजोर होती जा रही है...'
राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता में कहा, ''भारत में प्रेस की स्वतंत्रता कमजोर होती जा रही है जो किसी से छिपी नहीं है और यह बात सभी जानते हैं। मुझे लगता है कि लोकतंत्र के लिए प्रेस की स्वतंत्रता जरूरी है। हमें आलोचना को सुनना चाहिए। यह सिर्फ प्रेस की आजादी नहीं है, यह हर तरफ हो रहा है। संस्थागत ढांचे पर भी शिकंजा कसा जा रहा है। आपको यह सवाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करना चाहिए। मुझे नहीं पता कि आप यह कैसे करेंगे लेकिन आपको पूछना चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications