'दादी हिम्मत-मोहब्बत की मिसाल', राहुल ने इंदिरा गांधी जयंती पर फोटो की शेयर, PM मोदी ने भी दी श्रद्धांजलि
Indira Gandhi Birth Anniversary: देश की एक मात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा गांधी की 107वीं जन्म जयंती पर कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने पुरानी फोटो साझा करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ बचपन की फोटो एक्स पर शेयर की। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि कैसे उनकी दादी इंदिरा गांधी साहस और प्रेम की मिसाल थीं। इससे पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार (19 नवंबर) को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर शक्ति स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

'दादी हिम्मत-मोहब्बत की मिसाल'
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी ने इंदिरा गांधी के साथ अपने बचपन की तस्वीरें शेयर कीं और एक पोस्ट में लिखा, 'दादी हिम्मत और मोहब्बत दोनों की मिसाल थीं। उन्हीं से मैंने सीखा है कि निडर होकर देशहित के रास्ते पर चलते रहना असली ताकत है। उनकी यादें मेरी शक्ति हैं, जो हमेशा मुझे राह दिखाती हैं।
मलिकार्जुन खड़गे ने इस तरह किया याद
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने भी नई दिल्ली में शक्ति स्थल पर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी। खड़गे ने अपने पोस्ट में लिखा कि कई लोगों ने 'भारत की लौह महिला' से प्रेरणा ली, जो आजीवन संघर्ष, साहस और गतिशील नेतृत्व की प्रतिमूर्ति थीं। खड़गे ने कहा, "करोड़ों भारतीय 'भारत की लौह महिला' इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेते रहेंगे, क्योंकि वह आजीवन संघर्ष, साहस और गतिशील नेतृत्व की प्रतिमूर्ति थीं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया। उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। उनकी जयंती पर हमारी विनम्र श्रद्धांजलि।"
पीएम मोदी ने किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इंदिरा गांधी की 107वीं जयंती पर पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, "हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।"












Click it and Unblock the Notifications