स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार, पूछा- कितने Act Of Modi झेलेगा देश?
नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 55 लाख पहुंचने वाली है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि रोजाना 95 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। संसद के मानसून सत्र के दौरान भी विपक्ष ने कोरोना महामारी का मुद्दा उठाया। जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना फैलने का जिम्मेदार लापरवाह जनता को बताया। उनके इसी जवाब पर अब राहुल गांधी ने निशाना साधा है।
Recommended Video

राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मोदी सरकार का अंधा अहंकार देश की बदहाली के लिए कभी भगवान तो कभी जनता को दोषी ठहराता है लेकिन खुद के कुशासन और गलत नीतियों को नहीं। उन्होंने आगे पूछा कि देश कितने और #ActOfModi झेलेगा? राहुल गांधी फरवरी से ही कोरोना महामारी को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर हैं।
पहले कही थी 'खयाली पुलाव' की बात
कुछ दिन पहले भी राहुल गांधी ने कोरोना को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला था। उस दौरान उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि कोरोना काल में बीजेपी सरकार ने एक से एक खयाली पुलाव पकाए। 21 दिन में कोरोना को हराएंगे। आरोग्य सेतु ऐप सुरक्षा करेगा। 20 लाख करोड़ का पैकेज। आत्मनिर्भर बनो। सीमा में कोई नहीं घुसा। स्थिति संभली हुई है। लेकिन एक सच भी था- आपदा में 'अवसर' #PMCares...।
क्या है स्वास्थ्य मंत्री का बयान?
लोकसभा में दिए एक बयान में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह लोगों का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार है। लोग लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे कोरोना फैल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने कोरोना को रोकने के लिए जो नेतृत्व क्षमता दिखाई है, उसके लिए सभी को उनका आभारी होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications