हरिद्वार धर्म संसद पर बोले राहुल- हिंदुत्ववादी हमेशा फैलाते हैं नफरत और हिंसा
नई दिल्ली, 24 दिसंबर: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में 17 से 19 दिसंबर तक धर्म संसद आयोजित की गई थी। आरोप है कि इसमें अल्पसंख्यकों को निशाना बनाते हुए कई भड़काऊ भाषण दिए गए। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मामले में हरिद्वार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर इस धर्म संसद को लेकर राजनीति भी जारी है, जिस पर अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी का भी बयान सामने आया है।

राहुल गांधी ने धर्म संसद के मुद्दे पर ट्वीट कर लिखा कि हिंदुत्ववादी हमेशा नफरत और हिंसा फैलाते हैं। हिंदू-मुसलमान-सिख-ईसाई इसकी कीमत चुकाते हैं, लेकिन अब और नहीं! इसके साथ उन्होंने #IndiaAgainstHindutva और #HaridwarHateAssembly हैशटैग का इस्तेमाल किया।
पहले दिया था ये बयान
आपको बता दें कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने अमेठी में हिंदू और हिंदुत्व पर टिप्पणी की थी। उन्होंने उस दौरान कहा था कि हिंदू को सहिष्णुता तो वहीं हिंदुत्व को सत्ता चाहिए होती है। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि हिंदुत्ववादी गंगा में अकेला स्नान करता है, जबकि हिंदू गंगा में करोड़ों लोगों के साथ स्नान करता है। एक तरफ हिंदू है, दूसरी तरफ हिंदुत्ववादी हैं। एक तरफ सच है, दूसरी तरफ झूठ है। हिंदू सच बोलते हैं, हिंदुत्ववादी झूठ बोलते हैं।
कौन-कौन था शामिल?
हरिद्वार की धर्म संसद को यति नरसिंहानंद ने करवाया था। जिसमें हिंदू रक्षा सेना के अध्यक्ष स्वामी प्रमोदानंद गिरी, स्वामी आनंदस्वरूप, साध्वी अन्नपूर्णा आदि भी वक्ता के रूप में शामिल हुए। विपक्षी दलों ने बीजेपी नेता अश्विनी उपाध्याय पर भी आरोप लगाया था, लेकिन उन्होंने साफ किया कि वो सिर्फ 30 मिनट ही वहां पर रुके थे। फिलहाल गुलबहार नामक युवक की शिकायत पर हरिद्वार में सीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications