शरद पवार के घर विपक्ष के नेताओं की बैठक, गठबंधन कर चुनाव में जाने का ऐलान
नई दिल्ली। एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार के घर विपक्ष के नेताओं ने बैठक की है। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बैठक में सभी इस बात पर सहमत रहे कि जिस तरह के भाजपा देश की संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर रही है, उसके खिलाफ एकजुटता से लड़ना होगा। ममता बनर्जी ने कहा कि हम एक कॉमन एजेंडे पर साथ आएंगे और राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव से पूर्व गठबंधन करेंगे। शरद पवार के दिल्ली स्थित आवास पर इस बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू,नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अबदुल्ला भी शामिल हुए।

आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुधवार को 'तानाशाही हटाओ लोकतंत्र बचाओ रैली' बुलाई गई थी। विपक्ष के ये नेता इस रैली में शामिल हुए थे। रैली के बाद ये नेता शरद पवार के घर पहुंचे हैं। रैली में विपक्ष के नेताओं ने मोदी सरकार पर तानाशाही रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने की जनता से अपील की है।
जंतर-मंतर पर 'तानाशाही हटाओ लोकतंत्र बचाओ रैली बोलते हुए तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हमारी कांग्रेस और सीपीएम से लड़ाई है लेकिन भाजपा को हटाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हमको साथ रहना होगा। केजरीवाल के मंच पर ममता बनर्जी के साथ सीपीएम के सीताराम येचुरी भी नजर आए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रैली में कहा, मैं नरेंद्र मोदी से पूछना चाहता हूं कि वो भारत के प्रधानमंत्री हैं या पाकिस्तान के प्रधानमंत्री? मोदी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तरह बर्ताव करने बंद करे। देश को तोड़ कर मोदी पाकिस्तान का सपना पूरा कर रहे हैं। देश की जनता इस बार जब वोट करने जाए तो एक पढ़े लिखे प्रधानमंत्री के लिए वोट करना जो देश के बारे में सोचे न किसी एक व्यक्ति के बारे में ही सोचता रहे।












Click it and Unblock the Notifications