कर्नाटक चुनाव: राहुल ने जहां 'मोदी सरनेम' पर दिया था विवादित बयान, वहीं से शुरू करेंगे रैली
Rahul Gandhi Kolar Rally: कर्नाटक के कोलार से राहुल गांधी अपनी मेगा रैली की शुरुआत करने जा रहे हैं। कोलार वही जगह है जहां राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर विवादित बयान दिया था।

Rahul Gandhi Kolar Rally 2023: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) कर्नाटक में होने वाले चुनावों के लिए अगले महीने यानी अप्रैल में अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे। लेकिन राहुल गांधी की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वह उसी जगह रैली की शुरुआत करने जा रहे हैं जहां उन्होंने 'मोदी सरनेम' को लेकर विवादित भाषण दिया था। दरअसल, राहुल गांधी कोलार (Kolar) में पांच अप्रैल से अपनी रैली का शुभारंभ करने जा रहे हैं। उम्मीद है कि इस रैली में वह एक फिर से आक्रामक तेवर में दिखेंगे। इस बार अडानी मुद्दे को जनता के सामने मुखर होकर रखने का काम करेंगे।
कोलार में राहुल की सत्यमेव जयते रैली
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की इस रैली की बात करते हुए कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि राहुल गांधी कोलार (Kolar) में अपनी सत्यमेव जयते रैली शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने उनसे यहां से चुनावी यात्रा शुरू करने का अनुरोध किया था।
कोलार में आखिर राहुल ने क्या कहा था जिससे हो गया था विवाद
2019 के चुनावों के लिए कोलार में एक रैली में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भगोड़े व्यवसायियों ललित मोदी और नीरव मोदी के संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी पर एक स्पष्ट कटाक्ष में कहा था कि सभी चोरों का एक ही उपनाम मोदी कैसे होता है। लेकिन भाजपा ने इसे अन्य पिछड़ा वर्ग के अपमान के रूप में देखा और गुजरात के एक पार्टी नेता पूर्णेश मोदी ने मुकदमा दायर किया था।
राहुल को हुई दो साल की सजा, लोकसभा सदस्यता भी गई
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अदालत में अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगने से इनकार कर दिया जिससे उन्हें दो साल की सजा हो गई। शुक्रवार को उन्हें लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिससे भारी विरोध हुआ।
यह है कर्नाटक चुनाव का कार्यक्रम
13 अप्रैल: कर्नाटक चुनाव की अधिसूचना जारी होगी
20 अप्रैल: नामांकन करने की आखिरी तारीख
21 अप्रैल: नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी
24 अप्रैल: नामांकन वापसी की आखिरी तारीख
10 मई: सभी 224 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग
13 मई: वोटों की गिनती












Click it and Unblock the Notifications