अडानी और चीन के मुद्दे पर राहुल ने भाजपा को फिर घेरा, कहा- प्रधानमंत्री जी आखिर इतना डर क्यों?
Rahul Gandhi On Adani: न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश करने के भाजपा के आरोप का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि असली सवाल लगभग 20,000 करोड़ रुपये का है जिसे अडानी समूह की शेल कंपनियों में निवेश किया गया है।

Rahul Gandhi On Adani Issue: अदालत से राहत मिलने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से अडानी के मामले पर भारतीय जनता पार्टी को घेरा है। उन्होंने अडानी (Adani) की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति पर सवाल उठाया है। दरअसल, मीडिया ने जब राहुल से पूछा कि भाजपा कह रही है कि कांग्रेस द्वारा न्यायपालिका पर दबाव डालने की कोशिश की जा रही है, इसपर उन्होंने कहा कि आप हमेशा वही क्यों कहते हैं जो भाजपा कह रही है। हर बार आप वही कहते हैं जो भाजपा कह रही है। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आगे कहा कि पहले भाजपा को यह जवाब देना चाहिए कि अडानी की शेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ की बेनामी संपत्ति किसकी है।
आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शेष सीटों पर उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय आने के दौरान राहुल गांधी ने ये टिप्पणियां कीं।
राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे पर भी उठाया सवाल
राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2000 वर्ग किलोमीटर जमीन चीन ने छीन ली। जगहों के नाम भी बदल रहे। इस मामले पर प्रधानमंत्री बिल्कुल चुप हैं और कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।
भजपा ने राहुल पर लगाया था अदालत पर दबाव डालने का आरोप
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू (Kiren Rijiju) ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सूरत जाना एक ड्रामा है। उनका सूरत जाना सिर्फ ऊपरी अदालत पर दवाब डालना है। कांग्रेस पार्टी का गांधी परिवार खुद को देश से ऊपर मानता है।
राहुल गांधी को मिली राहत
बता दें कि मोदी सरनेम मानहानि मामले में राहुल गांधी को सोमवार को सूरत कोर्ट से राहत मिल गई । अदालत ने उनकी जमानत को 13 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी है। राहुल की सजा के खिलाफ चुनौती पर अब 3 मई को अगली सुनवाई होगी। राहुल गांधी आज अपनी सजा को चुनौती देने सूरत सेशन कोर्ट पहुंचे थे। राहुल गांधी के लिए राहत वाली बात ये है कि उन्हें 13 अप्रैल को कोर्ट में पेश नहीं होना होगा। इस दौरान कई कांग्रेसी दिग्गज मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications