जम्मू कश्मीर-हरियाणा के चुनाव नतीजों पर आखिरकार बोले राहुल गांधी, कही ये बात
हरियाणा और जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव नतीजे सामने आने के बाद आखिरकार राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राहुल गांधी ने जम्मू कश्मीर में इंडिया गठबंधन की जीत को संविदान की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रित स्वाभिमान की जीत है। जबकि हरियाणा में हार पर राहुल ने कहा कि हम सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करके राहुल गांधी ने लिखा, जम्मू-कश्मीर के लोगों का तहे दिल से शुक्रिया - प्रदेश में INDIA की जीत संविधान की जीत है, लोकतांत्रिक स्वाभिमान की जीत है।

हम हरियाणा के अप्रत्याशित नतीजे का विश्लेषण कर रहे हैं। अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों से चुनाव आयोग को अवगत कराएंगे। सभी हरियाणा वासियों को उनके समर्थन और हमारे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए दिल से धन्यवाद। हक़ का, सामाजिक और आर्थिक न्याय का, सच्चाई का यह संघर्ष जारी रखेंगे, आपकी आवाज़ बुलंद करते रहेंगे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 में से 48 सीटें जीतकर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 37 सीटें मिलीं। जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस 42 सीटों के साथ सबसे आगे रही, जबकि भाजपा 29 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही और कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन करके छह सीटें जीतीं।
कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा चुनाव के नतीजों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने नतीजों पर पार्टी के असंतोष को व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए एक झटका बताया। उन्होंने खास तौर पर तीन जिलों - हिसार, महेंद्रगढ़ और पानीपत से अनियमितता की शिकायत की है।
ये शिकायतें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की रीडिंग में विसंगतियों की लेकर हैं। जहां बैटरी का स्तर अधिक था वहां कांग्रेस को हार मिली जबकि जहां बैटरी का स्तर कम था वहां कांग्रेस को जीत मिली। खेड़ा ने कहा कि यह तंत्र की जीत है, लोकतंत्र की हार।












Click it and Unblock the Notifications