राहुल गांधी ने ऋषि कपूर को दी श्रद्धांजलि, कहा- ये हफ्ता भारतीय सिनेमा के लिए दुखद
मुंबई। इरफान खान के निधन के 24 घंटे बाद ही बॉलीवुड को एक और दुखद खबर मिली, जहां मुंबई में दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के एच.एन. रिलायंस हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। बुधवार को सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सबसे पहले अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उनकी मौत से पूरा बॉलीवुड सदमे में है। वहीं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी ऋषि कपूर की मौत पर दुख जताया है। साथ ही उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

'हमेशा याद करेंगे लोग'
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एक और बॉलीवुड लेजेंड की मौत हो गई। ये हफ्ता भारतीय सिनेमा के लिए काफी दुखद है। एक शानदार अभिनेता, जिनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग थी। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मेरी उनके परिवार और चाहने वालों के साथ पूरी संवेदना है।
This is a terrible week for Indian cinema, with the passing of another legend, actor Rishi Kapoor. A wonderful actor, with a huge fan following across generations, he will be greatly missed. My condolences to his family, friends & fans all over the world, at this time of grief.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 30, 2020
कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अनुभवी अभिनेता ऋषि कपूर जी के निधन से हैरान हूं। एक अभिनेता की उत्कृष्टता, जिसने लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया, उन्हें सभी याद करेंगे। पूरी दुनिया में उनके प्रशंसकों और परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे प्रतिष्ठित अभिनेता को खो दिया है जिसने कई यादगार फिल्मों के साथ एक छाप छोड़ी थी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

कैंसर से जूझ रहे थे ऋषि कपूर
ऋषि कपूर पिछले साल सितंबर में न्यूयॉर्क में लगभग एक साल कैंसर के इलाज के बाद भारत लौटे थे। अभिनेता को 2018 में कैंसर का पता चला था और 11 महीने और 11 दिनों तक चलने वाले मज्जा उपचार और रिकवरी से गुजरना पड़ा था। जब ऋषि कपूर न्यूयॉर्क में थे, तब उनके बेटे और अभिनेता रणबीर कपूर भी काफी दिनों तक पिता के साथ थे, इस बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने विदेश में इलाज के दौरान ऋषि कपूर से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications