प्रियंका संग वायनाड पहुंचे राहुल गांधी ने अडानी के सहारे PM मोदी को घेरा, कहा- भाजपा 'नफरत' को देती है बढ़ावा
वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी को बड़ी जीत मिली है। इस जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ वायनाड दौरे पर पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए अडानी के सहारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर अरबपति उद्योगपति गौतम अडानी के साथ 'अलग व्यवहार' करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा में हम एक राजनीतिक विचारधारा से लड़ रहे हैं। हम भावनाओं, संवेदनाओं, स्नेह, प्रेम की बात कर रहे हैं। वे नफरत, क्रोध, विभाजन, हिंसा की बात करते हैं।

संविधान कहता है कि सभी लोगों के साथ समान व्यवहार किया जाना चाहिए। पीएम मोदी कहते हैं कि अडानी के साथ हर दूसरे भारतीय से अलग व्यवहार किया जाएगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अडानी पर अमेरिका में आरोप लगने के बावजूद भारत में उन्हें सजा नहीं मिली है।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि अडानी पर अमेरिका में अभियोग लगाया गया है या उन्हें अमेरिका में अपराधी कहा गया है। भारत में हम उन पर अभियोग नहीं लगाएंगे। कहा कि उनके पास पूरी सरकार है। उनके पास मीडिया है। पैसा, खुफिया एजेंसियां, सीबीआई, ईडी, आईटी और हमारे पास इनमें से कुछ भी नहीं है।
हमारे पास सिर्फ लोगों की भावनाएं हैं। राहुल गांधी ने जनता के समर्थन के ज़रिए बीजेपी की विचारधारा पर विजय पाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "मेरे लिए यह आश्चर्य की बात है कि हर बार लोगों की भावना जीत जाती है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम बीजेपी की विचारधारा को हरा देंगे।"
प्रियंका गांधी वाड्रा की तारीफ
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को वायनाड की नई सांसद के रूप में पेश किया। उन्होंने संसद में उनकी पहली उपस्थिति को याद किया। उन्होंने कहा, "जब मेरी बहन पहली बार संसद में आई थीं, तब मैं संसद में था। वह आपकी नई सांसद हैं।"












Click it and Unblock the Notifications