'ED रेड की योजना बनाई जा रही है', राहुल गांधी बोले- खुले हाथ से करूंगा स्वागत, चाय-बिस्कुट मेरी तरफ से
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि ईडी मेरे खिलाफ छापेमारी की योजना बना रही है। जिस तरह से मैंने बजट पर चर्चा के दौरान चक्रव्यूह भाषण दिया था, उसके बाद ईडी मेरे खिलाफ छापेमारी की तैयारी कर रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि वह केंद्रीय जांच एजेंसी का खुले हाथों से स्वागत करेंगे। राहुल गांधी ने दावा किया है कि ईडी के अंदरूनी सूत्र ने उन्हें बताया है कि एजेंसी मेरे खिलाफ छापे की तैयारी कर रही है।

2 इन 1 को पसंद नहीं आया भाषण
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके लिखा, जाहिर है, 2 इन 1 को मेरा चक्रव्यूह भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के अंदरूनी सूत्र मुझे बता रहे हैं कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है। मैं खुले हाथों से स्वागत के लिए ईडी का इंतजार कर रहा हूं। उन्हें चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।
राहुल ने किया था चक्रव्यूह का जिक्र
बता दें कि अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करने के लिए महाभारत के चक्रव्यूह का उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में एक और चक्रव्यूह तैयार किया गया है।
पीएम मोदी पर साधा था निशाना
यह चक्रव्यूह कमल के आकार का है और प्रधानमंत्री इसे अपने सीने पर लगाते हैं। अभिमन्यु के साथ जो किया गया, वही भारत के युवाओं, महिलाओं, किसानों और छोटे व मध्यम व्यवसायों के साथ किया जा रहा है।
स्पीकर ने किया खारिज
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत छह लोग इस चक्रव्यूह के केंद्र में हैं। उन्होंने चार और नामों का जिक्र किया। लेकिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने उनके भाषण के इस हिस्से को अस्वीकार कर दिया क्योंकि ये नेता सदन के सदस्य नहीं थे,लिहाजा उनका नाम नहीं लिया जा सकता है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की पूरी संपत्ति को नियंत्रित करने का एकाधिकार इन पॉलिटिकल एग्जेक्युटिव और केंद्रीय एजेंसियों ने दो लोगों को दे दिया है। आपने बेरोजगारी और पेपर लीक का चक्रव्यूह बनाया।
आप खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं लेकिन जब आपको जवानों की मदद करनी होती है, तो आप पेंशन के लिए पैसे नहीं देते। आपने युवाओं को अग्निवीर के 'चक्रव्यूह' में फंसा दिया।
इन 6 लोगों का लिया नाम
एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने अपने दावों को दोहराते हुए कहा कि आज 21वीं सदी का कमल के आकार का चक्रव्यूह भारत को फंसा रहा है और इसे छह व्यक्ति नियंत्रित कर रहे हैं, जिसमे नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अडानी, अंबानी, अजीत डोभाल और मोहन भागवत शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications