पीएम मोदी के कालेधन वाले बयान पर राहुल का पलटवार
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे ही पीएम मोदी सदन में आएंगे, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। सब साफ हो जाएगा। हम भी बोलेंगे वो भी बोलेंगे।
नई दिल्ली। नोटबंदी पर जारी सियासी तकरार सुलझने के बजाय तेज होती जा रही है। संसद के दोनों सदनों में विपक्ष लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने के बाद ही चर्चा कराए जाने की मांग कर रहा है।

इस बीच प्रधानमंत्री के उस बयान पर नया हंगामा खड़ा हो गया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कालाधन रखने वालों को पैसा व्यवस्थित करने का मौका नहीं मिला, इसलिए वे परेशान हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया है। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री सदन में आएं फिर देखते हैं कि उनके चेहरे पर कैसे भाव दिखते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जैसे ही पीएम मोदी सदन में आएंगे, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। सब साफ हो जाएगा। हम भी बोलेंगे वो भी बोलेंगे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कालाधन रखने वालों को व्यवस्थित करने का मौका नहीं मिला इसलिए वे परेशान हैं।
उनके इस बयान को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया। अभी तक पीएम को सदन में बुलाने की मांग पर अड़े विपक्ष ने उनके इस बयान को समूचे विपक्ष का अपमान बताया है।
राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, बसपा सुप्रीमो मायावती और जेडीयू नेता शरद यादव समेत कई सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सदन में आकर माफी मांगने की मांग की।
लोकसभा और राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 28 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications