चुनाव आयोग से आर-पार के मूड में राहुल गांधी, धांधली का गंभीर आरोप लगाकर दी खुली चुनौती
दिल्ली में आयोजित एनुअल लीगल कॉन्क्लेव 2025 के मंच से लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनके पास ऐसे ठोस सबूत हैं, जिससे पूरा देश देख सकेगा कि चुनाव आयोग जैसा कोई संस्थान अब मौजूद नहीं है, वो पूरी तरह 'गायब' हो चुका है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि इस सबूत को इकट्ठा करने में उनकी टीम को लगातार 6 महीने का समय लगा और वह जल्द देश के सामने रखेंगे कि कैसे 6.5 लाख वोटर वोट डालते हैं और उनमें से 1.5 लाख फर्जी होते हैं।

चुनाव की निष्पक्षता पर सीधा सवाल
उन्होंने इसे लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर सीधा सवाल बताते हुए कहा कि 'आप बिना किसी संदेह के देखेंगे कि एक लोकसभा चुनाव कैसे चुराया जाता है।'
राहुल गांधी बोले- 2014 से ही था शक, अब सबूत भी है
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर देश की चुनाव प्रणाली को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, '2014 से ही मुझे शक था कि कुछ तो गड़बड़ है। गुजरात विधानसभा चुनावों में भी मुझे ये बात खटक रही थी कि बीजेपी इतनी बड़ी जीत कैसे हासिल कर रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिलती - ये चौंकाने वाला था।'
महाराष्ट्र में मिला बड़ा सुराग
राहुल गांधी ने बताया कि उनके संदेह को गंभीरता से तब लिया गया जब महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव जीतने के चार महीने बाद कांग्रेस और सहयोगी दल पूरी तरह 'नेस्तनाबूद' हो गए।
उन्होंने कहा, 'तीन मजबूत पार्टियां अचानक गायब हो जाती हैं। हमने तब गहराई से जांच शुरू की और पाया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच 1 करोड़ नए वोटर जुड़ गए, जिनसे BJP को भारी वोट मिले।'
'अब कोई शक नहीं, हमारे पास पक्के सबूत हैं'
अपने बयान के आखिर में राहुल गांधी ने कहा, 'अब मुझे कोई संदेह नहीं है - हमारे पास सबूत हैं। हमने चुनावी गड़बड़ी को पकड़ लिया है।'












Click it and Unblock the Notifications