पीएम मोदी के समर्थन में उतरा ये अभिनेता, कांग्रेस के ट्वीट पर निकाला गुस्सा
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता आर. माधवन उन एक्टर्स में से हैं, जो सोशल मीडिया पर राजनीतिक राय देने से कभी कतराते नहीं हैं। आर. माधवन ने शुक्रवार को कांग्रेस के उस ट्वीट पर निशाना साधा जिस ट्वीट के वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति को दिखाया गया था और उनपर तंज किया गया था। कांग्रेस के ट्वीट पर माधवन ने तीखी प्रतिक्रिया दी।हालांकि इस ट्वीट को लेकर अभिनेता को कुछ यूजर्स के गुस्से का सामना भी करना पड़ा।

कांग्रेस के ट्वीट पर भड़के आर माधवन
आर माधवन ने कांग्रेस के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'कोई भी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता हो लेकिन नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री हैं और आप इस वीडियो में चीन के सामने इस देश की प्रतिष्ठा को खराब कर रहे हैं। इस ट्विटर हैंडल से ऐसे ट्वीट की उम्मीद नहीं थी।' आर माधवन का ये ट्वीट तेजी से वायरल हुआ और इसको 12 हजार से अधिक यूजर्स ने रीट्वीट किया। कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया था, 'चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पीएम मोदी के रिश्ते का सटीक रिप्रेजेंटेशन।' इस ट्वीट के साथ हैशटैग भी इस्तेमाल किया गया 'हग डिप्लोमेसी याद रखना।'
माधवन के ट्वीट पर शुरू हुई एक और बहस
फिल्म अभिनेता के इस ट्वीट को 26 हजार यूजर्स ने लाइक किया। इस ट्वीट का कुछ यूजर्स ने समर्थन किया तो कुछ ने आलोचना भी की। कुछ यूजर्स ने कांग्रेस के ट्वीट को लेकर पार्टी को आड़े हाथों लिया तो कुछ ने साल 2014 के बीजेपी के कैंपेन को याद दिलाया और लिखा, 'आप कहां थे जब बीजेपी मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी का रोज मजाक बनाती थी।'

लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी-कांग्रेस के बीच जंग हुई तेज
बता दें कि लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है और सभी पार्टियां इसकी तैयारियों में जुटी हैं। सभी पार्टियां चुनाव प्रचार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी बखूबी इस्तेमाल कर रही हैं। इन सबके बीच पार्टियां एक-दूसरे पर निशाना साधने से भी नहीं चूक रही हैं। कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस आईटी सेल हेड दिव्या स्पंदना ने पीएम मोदी के समर्थकों को बेवकूफ बताते हुए एक ट्वीट किया था जिसकी काफी आलोचना हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications