पंजाब: प्राइवेट अस्पताल में जाने वाले कोरोना मरीजों का खर्च नहीं उठाएगी सरकार
नई दिल्ली। पंजाब सरकार ने कहा है निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों का इलाज सरकारी खर्च पर नहीं होगा। पंजाब के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने बुधवार को कहा है कोरोना संक्रमित मरीज अगर अपने इलाज के लिए निजी अस्पतालों में जाते हैं तो उन्हें अस्पताल का खर्च अपनी जेब से भरना होगा। सरकार ये खर्च नहीं उठाएगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि कोई भी निजी अस्पताल दिल्ली एनसीआर में वैध सीजीएचएस (एनसीआर दर) से अधिक चार्ज मरीज पर नहीं सकता है।

बता दें कि ज्यादातर सरकारी अस्पतालों में ही देशभर में कोरोना का इलाज और जांच हो रही है। हालांकि कोरोना की जांच के लिए सरकार ने प्राइवेट लैब को भी मंजूरी दी है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने देश की कुछ प्राइवेट लैब को कोरोना की जांच की मंजूरी दी है। सरकार ने प्राइवेट लैब में कोरोना जांच की फीस तय कर रखी है। इसके तहत 4500 रुपए से ज्यादा चार्ज नहीं किए जा सकते हैं। तय फीस से ज्यादा लेने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 19 हजार के पार हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक कुल 19,984 मामलों की पुष्टि हुई है, वहीं कोरोना से अब तक 640 लोगों की मौत हो गई है। इस समय देश में कोरोना के 15,474 एक्टिव केस हैं। जिन लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं 3870 लोग अभी तक संक्रमण के बाद ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं।
दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब 25 लाख को पार कर गई है। दुनियाभर में अब तक 25,55,760 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक 1,77,459 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमरीका में 45,318 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 24,648 स्पेन में 21,282 और फ्रांस में 20,796 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications