पंजाब कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच कल सोनिया गांधी से मिलेंगे सीएम अमरिंदर सिंह
पंजाब कांग्रेस में खींचतान के बीच कल सोनिया गांधी से मिलेंगे अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली, 5 जुलाई: पंजाब में कांग्रेस पार्टी के नेताओं में चल रही खींचतान के बीच राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार (6 जुलाई) को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। दिल्ली में दोनों नेताओं के बीच ये बैठक होगी। माना जा रहा है कि राज्य में पार्टी को एकजुट रखने की कोशिशों के तहत सोनिया गांधी ने अमरिंदर सिंह को मिलने के लिए बुलाया है। अमरिंदर सिंह की दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात होगी या नहीं, इसको लेकर अभी जानकारी नहीं है।

पंजाब में बीते कुछ दिनों में कांग्रेस के दो नेता सीएम अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू आमने सामने दिख रहे हैं। दोनों ही नेता मीडिया में भी एक दूसरे के खिलाफ बोल चुके हैं। पार्टी हाईकमान लगातार इस कलह को शांत करने की कोशिश में हैं। पार्टी ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं के मुद्दों को सुलझाने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति बनाई है। ये समिति अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़ समेत प्रदेश के ज्यादातर कांग्रेस नेताओं से बात भी कर चुकी है। हालांकि अभी मामले का कोई हल निकलता नहीं दिखा है। इस समिति ने भी मंगलवार को ही पंजाब के छह मंत्रियों और छह विधायकों को दिल्ली बुला लिया है।
पार्टी के विधायक नवजोत सिंह सिद्धू ने हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। सिद्धू ने राहुल गांधी प्रियंका गांधी के साथ लंबी बैठक की थी। हालांकि इस बैठक से क्या नतीजा निकला, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
पंजाब में कांग्रेस को लेकर जानकारों का कहना है कि सिद्धू अपने लिए पार्टी संगठन और सरकार में अहम जगह चाहते हैं। वो सिर्फ विधायक बनकर खुश नहीं हैं। वहीं अमरिंदर सिंह उनको ना संगठन में कोई पद देने के पक्ष में हैं और ना ही अपने सरकार में कोई जगह देने को राजी हैं। ऐसे में आलाकमान कोई बीच का रास्ता निकालने में जुटा है।












Click it and Unblock the Notifications