लॉकडाउन बढ़ाने की सिफारिश के साथ पंजाब के सीएम अमरिंदर ने पीएम मोदी के सामने रखी एक और मांग
नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी प्रधानमंत्री मोदी से लॉकडाउन बढ़ाने की सिफारिश की है। पीएम मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पंजाब के सीएम ने राष्ट्रीय स्तर पर लॉकडाउन को एक पखवाड़े (15 दिन) बढ़ाने की सिफारिश की। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य और राहत संबंधी कई उपाय भी सुझाए।
Recommended Video

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि संक्रमण के मामलों की दर अभी भी अनिश्चित है और देश को इससे निपटने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी है। अन्य देशों की हालत को देखते हुए उन्होंने लॉकडाउन बढ़ाने पर जोर दिया। पंजाब के सीएम ने इस बैठक में बताया कि उन्होंने राज्य में एक मई तक कर्फ्यू/लॉकडाउन का निर्णय दिया है। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि बोर्ड की परीक्षाएं अगले आदेश तक टाल दी गई हैं।
इस दौरान उन्होंने उद्योग और कृषि क्षेत्रों के लिए विशेष रियायत दिए जाने की भी मांग की। इसके पहले, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी के सामने तीन अहम बातें रखीं। कोरोना संकट पर पीएम मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में लॉकडाउन कम से कम 30 अप्रैल तक बढ़ाया जाए। सीएम केजरीवाल ने कहा कि अगर राज्य अपने-अपने स्तर पर फैसला लेंगे तो ये उतना असरदार नहीं होगा।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि अगर लॉकडाउन से किसी तरह की राहत दी जाए तो ट्रांसपोर्ट ना खोला जाए। इस दौरान रेल, सड़क और हवाई यात्रा की अनुमति ना दी जाए। वहीं, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री किसी भी वक्त कोरोना वायरस के मद्देनजर मुझसे बात कर सकते हैं और अपना सुझाव दे सकते हैं। हमें कंधे से कंधा मिलाकर साथ मिलकर कोरोना के खिलाफ लड़ना है।












Click it and Unblock the Notifications