करतारपुर कॉरिडोर के पीछे पाकिस्तान के नापाक मंसूबों पर ये बोले पंजाब के CM अमरिंदर
नई दिल्ली- करतारपुर कॉरिडोर को लेकर पाकिस्तानी रेल मंत्री शेख रशीद के बयान पर पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अब यह उजागर हो चुका है कि इस कॉरिडोर को बनाने के पीछे पाकिस्तान का नापाक इरादा है। बता दें कि कैप्टन अमरिंद पहले से ही आशंका जताते रहे हैं कि इस कॉरिडोर के पीछे पाकिस्तान का खतरनाक मंसूबा हो सकता है। वह इसके जरिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर सकता है। इस बीच केंद्र सरकार ने कहा कि कॉरिडोर पर सख्त निगरानी की जा रही है और पाकिस्तान अपने किसी नापाक मंसूबे में कामयाब नहीं हो सकता।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने करतारपुर कॉरिडोर को लेकर पाकिस्तानी आर्मी चीफ कमर जावेद बाजवा के बारे में इमरान खान के मंत्री शेख रशीद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अब उसके असली इरादे का खुलासा हो चुका है। उन्होंने कहा है- "पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद का खुलासा कि करतारपुर कॉरिडोर आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा के दिमाग की उपज है, इस पहल के पीछे इस्लामाबाद के नापाक इरादे का पर्दाफाश हो गया है।"
उन्होंने कहा है- "पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशीद ने कॉरिडोर के पीछे पाकिस्तान के शैतानी मंसूबों को उजागर कर दिया है, जिसको लेकर भारत उम्मीद कर रहा था कि यह दोनों देशों के बीच शांति के पुल के तौर पर उभरेगा।"
इससे पहले पाकिस्तानी रेल मंत्री शेख रशीद ने शनिवार को कहा था कि करतारपुर कॉरिडोर को खोले जाने का विचार आर्मी चीफ बाजवा के दिमाग की उपज थी। उन्होंने ने कहा था, 'करतारपुर कॉरिडोर को खोलकर जनरल बाजवा ने भारत को जिस तरह के घाव दिए हैं, उसे वह हमेशा याद रखेगा।'
उधर बीएसएफ के 55वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी पाकिस्तान की इस चाल को लेकर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि डेरा बाबा नानक पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर बीएसएफ के हाथों पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा, 'हमारे जवानों की मेहनत की वजह से दुश्मनों को घुसपैठ या किसी अपराध को अंजाम देने से पहले कई बार सोचना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications