'ट्रूडो को मूर्खता का एहसास होगा', पंजाब BJP चीफ सुनील जाखड़ ने विदेश मंत्री को पत्र लिख की ये मांग
Sunil Jakhar on India-Canada row: भारत कनाडा विवाद पर अब पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख सुनील जाखड़ ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा है। सुनील जाखड़ ने एस जयशंकर को पत्र लिख कनाडा में रह रहे भारतीय नागरिकों और छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने का अनुरोध किया है।
पंजाब भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने पत्र में कहा है कि पूरे देश में सबसे ज्यादा पंजाब के लोग कनाडा में रहते हैं, ऐसे में विदेश मंत्रालय एक डिटेल एडवाजरी के साथ भारतीयों की सहूलियत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी करना चाहिए। सुनील जाखड़ ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को लेकर कहा कि उन्होंने बड़ी गलती की है। आगे चलकर ट्रूडो को अपनी मूर्खता का एहसास होगा।

सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर लिखा, 'भारत और कनाडा के बीच तनावपूर्ण राजनयिक संबंधों को देखते हुए, मैंने एस जयशंकर को पत्र लिखा है। पत्र में मैंने, कनाडा में हमारे नागरिकों और छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए विदेश मंत्रालय से एक हेल्पलाइन नंबर स्थापित करने को कहा है। कनाडा में रहने वाले हमारे नागरिकों में सबसे बड़ी संख्या पंजाबियों की है।''
सुनील जाखड़ ने आगे लिखा, 'मैंने उनसे कनाडा में हमारे नागरिकों के कल्याण के लिए भारत सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न कदमों और उपायों को सूचीबद्ध करते हुए एक विस्तृत बयान जारी करने का भी आग्रह किया है। जो मुझे विश्वास है कि गहरी चिंता, घबराहट और भावनाओं को शांत करने में काफी मदद करेगा।'
सुनील जाखड़ ने आखिर में कहा, 'इस बीच मुझे उम्मीद है कि पीएम जस्टिन ट्रूडो को जल्द से जल्द अपनी मूर्खता का एहसास होगा और भारत और कनाडा के बीच के रिश्ते एक बार फिर से मधुर हो जाएंगे।' पत्र में सुनील जाखड़ ने लिखा है कि, मुझे पूरा भरोसा है कि कनाडा भारत विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से हल किया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications