10वें दिन ठीक हुआ पुणे का ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज, केंद्र ने कोरोना के टीके को लेकर कही ये बात
पुणे, दिसंबर 10। देश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित हुए मरीज अब धीरे-धीरे रिकवर हो रहे हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में मिला ओमिक्रॉन वेरिएंट का पहला मरीज रिकवर हो गया। डॉक्टरों ने बताया है कि उसको कोरोना का RT-PCR टेस्ट नेगेटिव आ गया और अब वो घर जा सकता है। पुणे नगर निगम के मेडिकल ऑफिसर संजीव वावरे ने बताया है कि सिटी के पहले ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज का RT-PCR टेस्ट नेगेटिव आ गया है, वो अब घर जाने के लिए तैयार हैं।

पुणे में ओमिक्रॉन के 7 मरीज मिले थे संक्रमित
आपको बता दें कि पुणे में अभी तक 7 मरीज ओमिक्रॉन से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 6 पिंपरी चिंचवाड़ा इलाके में मिले हैं। इनमें 3 नाइजीरियाई मूल के नागरिक हैं, जबकि एक मरीज पुणे सिटी में मिला था। पुणे में ओमिक्रॉन का केस मिलने के बाद राज्य के डिप्टी सीएम अजीत पवार और गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने पुणे में कोविड की स्थिति को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई थी। ये मीटिंग पुणे के काउंसिल हॉल में जारी है। इसमें डिप्टी सीएम और गृह मंत्री जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं।
कर्नाटक में मिला था सबसे पहले नया वेरिएंट
आपको बता दें कि भारत में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का संक्रमित मरीज कर्नाटक में मिला था। कर्नाटक के बाद गुजरात के जामनगर में और महाराष्ट्र के डोंबिवली में मरीज एक और मामला सामने आया था। नवंबर के अंत में दक्षिण अफ्रीका से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को पहली बार संस्करण की सूचना दी गई थी, जिसके बाद वैश्विक स्वास्थ्य निकाय ने इसे चिंता के एक प्रकार के रूप में नामित किया।
केंद्र ने राज्यों को बढ़ाई वैक्सीन की सप्लाई
ओमिक्रोन के खतरे के बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को वैक्सीन की सप्लाई भी तेज कर दी है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वैक्सीन की 140 करोड़ से अधिक डोज उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 18.80 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications