कौन हैं जीबी रोड के बदनाम कोठों को नोटिस भेजने वाली स्वाति मालीवाल, पढ़ें पूरा प्रोफाइल
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सबसे बदनाम गली जीबी रोड के कोठों पर काम करने वाली सेक्स वर्कर्स इन दिनों काफी परेशान हैं। कारण है कोठों को जारी किया गया नोटिस। जी हां कोठो को ये नोटिस दिल्ली महिला आयोग की तरफ से जारी किया गया है। नोटिस के अनुसार जो कोठा मालिक महिला आयोग में हाजिर नहीं होगा उसका कोठा सील कर दिया जाएगा। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल की तरफ से कोठों के 125 संचालकों को सम्मन जारी किया गया है। आपको बता दें कि स्वाति मालीवाल ने जबसे महिला आयोग की अध्यक्षा का पद संभाला है उस दिन से ही वो जीबी रोड में चल रहे अवैध धंधों को उजागर करती रही हैं। आइए आपको बताते हैं कौन हैं स्वाति मालिवाल।

आम आदमी पार्टी के विधायकों का फंड मॉनिटरिंग करती थीं स्वाति
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बनने से पहले स्वाति मालीवाल दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री जन शिकायत प्रकोष्ठ की प्रमुख थीं। मुख्यमंत्री के जनता संवाद में आने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी उन्हीं की थी।हालांकि अहम बात ये भी थी कि मुख्यमंत्री केजरीवाल की सलाहकार के तौर पर उन्हें 1.15 लाख का मासिक वेतन भी मिलता था। पिछली विधानसभा में वो आम आदमी पार्टी के 27 विधायकों के MLA फंड के कामकाज की मॉनिटरिंग कर चुकी हैं।
Recommended Video


इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में इंजिनियरिंग की हैं स्वाति
15 अक्टूबर 1984 को दिल्ली से सटे गाजियाबाद में जन्मी स्वाति के पिता अशोक मालिवाल एयर फोर्स में थे जबकि मां संगीता मालिवाल वाइस प्रिंसिपल हैं। स्वति की शुरूआती शिक्षा अलग अलग शहरों में हुई। 2002 में उन्होंने एमीटी स्कूल, नोएडा से इंटरमीडियएट किया। इसके बाद 2006 में दिल्ली की आईपी युनिवर्सिटी से इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में इंजिनियरिंग की डिग्री हासिल की। स्वाति के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक इंजिनियरिंग के आखिरी दिनों में ही वो केजरीवाल से मिलीं और फिर फिर उन्होने समाजसेवा को करियर के तौर पर चुनने का फैसला किया।

पढ़ाई के बाद एनजीओ ग्रीनपीस के लिए काम किया
पढ़ाई पूरी करने के बाद स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल के एनजीओ परिवर्तन से लेकर पर्यावरण के लिए काम करने वाली अंतराष्ट्रीय एनजीओ ग्रीनपीस तक के लिए काम किया। केजरीवाल के साथ, जन वितरण प्रणाली में सुधार लाने और सूचना का अधिकार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वाति ने काफी काम किया। उनके साथ कई महीनों तक वो उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी के स्लम में भी रहीं थीं।

इंडिया एगेंस्ट करप्शन की कोर कमेटी में थीं स्वाति
जन लोकपाल आंदोलन के लिए बनी इंडिया एगेंस्ट करप्शन की कोर कमेटी जिसमें केजरीवाल, प्रशांत भूषण, किरण बेदी आदि सदस्य थे, उसमें स्वाति सबसे कम उम्र की सदस्य थीं। वहीं आंदोलन के दौरान स्वाति नवीन जयहिंद के करीब आई, और दोनों ने शादी कर ली। हालांकि नवीन भी लोकपाल आंदोलन के काफी पहले से केजरीवाल के साथ जुड़े रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications