लोकसभा चुनाव 2019: जानिए केरल की आलत्तूर सीट के बारे में
नई दिल्ली। केरल की 20 लोकसभा सीटों में आलत्तूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र काफी अहम सीट है। आलत्तूर तालुक का यह मुख्यालय है और यह पालक्काड़ से 24 किलोमीटर दूर स्थित है। यह मुख्य रूप से ग्रामीण इलाका है और आय का मुख्य स्रोत कृषि है। आलत्तूर को कोएंबटूर-कोचीन नेशनल हाईवे 47 जोड़ता है। यहां के लोग मुख्य रूप से रबर की खेती करते हैं और पहाड़ी इलाकों में धान की खेती होती है। इसके अलावा नारियल, केले के पेड़ भी शहर की खूबसूरती को काफी अधिक बढ़ाते हैं। यहां पर उद्योग का विकास बहुत कम हुआ है। पहले आलत्तूर बीड़ी उद्योग के लिए काफी मशहूर था। यहां पर बड़ी संख्या में चावल मिल थे, लेकिन समय के साथ इनकी संख्या कम होती गई। यहां कई हायर सेकेंडरी लेवल तक के स्कूल हैं। नेशनल हाईवे 544 आलत्तूर के अधिकतर इलाकों से होकर गुजरता है। पहाड़ी इलाका होने की वजह से यहां रेलमार्ग नहीं है जिसकी वजह से लोगों को कुछ हद तक समस्या का सामना करना पड़ता है। लेकिन आलत्तूर को सड़क मार्ग द्वारा काफी बेहतर तरीके से तमाम इलाकों से जोड़ा गया है। प्रदेश की राजधानी तिरुवनंतपुरम के लिए सड़क मार्ग काफी बेहतर है। यहां की मुख्य रूप से बोली जाने वाली भाषा मलयालम और अंग्रेजी है।

2008 बना लोकसभा क्षेत्र
आलत्तूर लोकसभा क्षेत्र वर्ष 2008 में अस्तित्व में आया था जब परिसीमन आयोग का गठन 2002 में किया गया था। इस कमीशन की सिफारिश के आधार पर आलत्तूर लोकसभा सीट का गठन किया गया था। यहां मुख्य राजनीतिक दल सीपीआईएम, कांग्रेस और भाजपा हैं। आलत्तूर में कुल सात विधानसभा क्षेत्र हैं जिसमे मुख्य रूप से तरूर, चित्तूर, नेम्मारा, आलत्तूर, चेलक्कारा, कुन्नामकुलम और वडाकंचरी है। तरूर, चित्तूर, नेम्मारा और आलत्तूर पालक्काड़ में आते हैं, जबकि चेलक्करा, कुन्नामकुलम और वडाकंचरी त्रिसूर जिले में आते हैं। इससे पहले चेलक्कारा, वडाकंचरी और कुन्नामकुलम ओतप्पलम लोकसभा क्षेत्र के तहत आते थे। मौजूदा समय में पीके बीजू यहां के लोकसभा सांसद हैं। वह सीपीआईएम के नेता हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार केए शीबा को चुनाव हराकर जीत दर्ज की थी।
पुरुष से अधिक महिला मतदान
आलत्तूर की कुल आबादी 1637687 है, जिसमे शहरी आबादी 32.32 फीसदी, शहरी आबादी 67.68 फीसदी है। जबकि एससी आबादी 15.42 फीसदी और एसटी आबादी 0.88 फीसदी है। कुल मतदाताओं की बात करें तो इनकी संख्या 1216351 है। जिनमे से 591950 पुरुष मतदाता और 624401 महिला मतदाता हैं। पिछले चुनाव में कुल 76 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। जिसमे 452858 पुरुषों और 474370 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
सीपीआईएम का गढ़
सीपीआईएम उम्मीदवार पीके बीजू ने कुल 41.31 फीसदी यानि 411808 मत हासिल किए थे। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार 374496 यानि 40.39 फीसदी वोट हासिल किए थे। तीसरे पायदान पर भाजपा उम्मीदवार साजुमोन वट्टेकड थे, जिन्होंने कुल 87803 यानि 9.47 वोट हासिल किए थे। सीपीआईएम के नेता और मौजूदा सांसद बीजू की बात करें तो वह काफी सक्रिय नेता हैं और उन्होंने लोकसभा में कुल 545 सवाल पूछे हैं। उनकी लोकसभा में कुल उपस्थिति 89 फीसदी है। इस दौरान उन्होंने कुल 303 बहस में हिस्सा लिया। जबकि बहस में हिस्सा लेने का राष्ट्रीय औसत 63.8 फीसदी है।












Click it and Unblock the Notifications