गोवा में आम आदमी पार्टी के सीएम कैंडिडेट एल्विस गोम्स का राजनीतिक सफर
नेता के तौर पर ना सिर्फ देश बल्कि गोवा के लिए भी एल्विस का नाम एकदम नया है लेकिन बतौर नौकरशाह गोवा के लोग एल्विस को बखूबी जानते हैं, वो अपने काम से लोगों के बीच पहचान बनाने में कामयाब हुए हैं।
नई दिल्ली। गोवा में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं। गोवा विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा, कांग्रेस और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी जैसी पार्टियों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी भी अपनी तगड़ी मौजूदगी दर्ज करा रही है। माना जा रहा है कि 'आप' के चुनाव लड़ने से राज्य में चुनाव नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं। गोवा में आम आदमी पार्टी ने एल्विस गोम्स को अपना सीएम कैंडिडेट बनाया है। नेता के तौर पर ना सिर्फ देश बल्कि गोवा के लिए भी एल्विस का नाम एकदम नया है लेकिन बतौर नौकरशाह गोवा के लोग एल्विस को बखूबी जानते हैं, वो अपने काम से लोगों के बीच पहचान बनाने में कामयाब हुए हैं। एल्विस भी आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की तरह नौकरशाही से राजनीति में आने वाले नेता हैं।

53 साल के गोम्स ने बीते साल 'आप' में शामिल होने के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। उस समय वह आईजी जेल तथा शहरी विकास सचिव थे। एल्विस ने गोवा में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिनमें डायरेक्टर म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन, डायरेक्टर टूरिज्म, चेयरपर्सन गोवा हाउसिंग बोर्ड, कमिश्नर पंजिम म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन जैसे पद शामिल है। डायरेक्टर टूरिज्म रहते हुए उन्होंने इस क्षेत्र में स्थानीय लोगों को काफी नौकरियां दी, जिससे उन्हें पहचान मिली। जेल सुधारों के लिए भी उन्होंने काम किया। गोवा फुटबॉल एसोसिएशन के लिए भी उन्होंने काफी काम किया है।
एल्विस गोम्स अब आम आदमी पार्टी के नेता के तौर पर जनता की सेवा करने की बात कह रहे हैं। वो कहते हैं कि सिस्टम को उन्होंने करीब से देखा है और वो जानते हैं कि कहां सुधार की जरूरत है। भले ही नौकरशाह के तौर पर वो लोकप्रिय रहे हों लेकिन एल्विस गोम्स के नाम पर कुछ विवाद भी हैं। गोम्स पर एक हाउसिंग स्कैम का मामला है। इसकी जांच चल रही है। हालांकि गोम्स इसे राजनीति से प्रेरित बताते हैं। आपको बता दें कि बतौर नौकरशाह भाजपा सरकार ने गोम्स की लंबे समय से खींचतान चल रही थी। अब गोम्स आम आदमी पार्टी के नेता के तौर पर गोवा में क्या कमाल करते हैं, ये आने वाले महीनों में साफ हो जाएगा। गोवा विधानसभा का चुनाव गोम्स और आम आदमी पार्टी का राज्य में काफी हद कर भविष्य तय करने वाला होगा।












Click it and Unblock the Notifications