प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली से लड़ सकती हैं चुनाव: सूत्र
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी महासचिव के रूप में नियुक्त कर बड़ा सियासी दांव खेला है। इस बीच सू्त्रों के हवाले से खबर है कि प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली से चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस के सूत्रों की मानें को रायबरेली की सीट से इस बार प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा जा सकता है। एक्टिव पॉलिटिक्स में कदम रखने जा रही प्रियंका को उनकी मां की संसदीय सीट से उतारने की योजना बन रही है। अगर प्रियंका रायबरेली से चुनाव लड़ती हैं, तो सोनिया गांधी इलेक्टोरल पॉलिटिक्स से रिटायर हो सकती हैं।

हालांकि, अभी तक कांग्रेस की तरफ से ऐसा कोई बयान नहीं आया है। वहीं, जब राहुल गांधी से प्रियंका के चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो वे इस सवाल को टालते दिखे, लेकिन उन्होंने ना भी नहीं कहा। 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में भी प्रियंका ने अमेठी और रायबरेली में बड़े पैमाने पर प्रचार किया था, लेकिन 2017 यूपी विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी की बहन को चुनावी रैलियों में देखा गया, तभी से अकटकलें लगनी शुरू हो चुकी थी कि शायद कांग्रेस सोनिया गांधी की सीट से 2019 में प्रियंका गांधी को उतारा जा सकता है।
बता दें कि काफी समय से कार्यकर्ताओं के बीच प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में लाए जाने की मांग उठती रही है। ऐसे में प्रियंका को संगठन में जिम्मेदारी देना कांग्रेस के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है, लेकिन चुनाव में कितना सफल होती है, यह आने वाला वक्त बताएगा।
इस बीच जनता दल यूनियन (जदयू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर (पीके) ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस महासचिव बनाए जाने पर बधाई दी है। उन्होंने प्रियंका की इस नियुक्ति को भारतीय राजनीति में बहुप्रतीक्षित पदार्पणों में से एक बताया। पीके ने ट्वीट करते हुए कहा, ' भारतीय राजनीति में बहुप्रतीक्षित पदार्पणों में से एक आखिरकार अब आया है। भले ही लोग इसके समय, उनकी ठीक-ठीक भूमिका और स्थिति पर बहस करें लेकिन मेरे लिए असल खबर यह है कि उन्होंने आखिरकर राजनीति में उतरने का फैसला किया। प्रियंका गांधी को बधाई और शुभकामनाएं।'












Click it and Unblock the Notifications